सड़क जाम होने से लगी वाहनों की लंबी कतार
अंबिकापुर। संभाग भर में चल रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर ट्रैक्टर टिपर संघ ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में लरंग साय चौक पर विरोध प्रदर्शन कर कमिश्नर के नाम डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम की स्थिति बन गई। भाजपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद भी बड़े रेत माफिया सक्रिय हैं। छोटे रेत कारोबारी टिपर और ट्रैक्टर में काम करने वाले को प्रशासन के द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। साथ ही तीन घन मीटर की जगह माइनिंग विभाग के द्वारा पांच घन मीटर का परमिट देकर टिपर और ट्रैक्टर वालों से 15 सौ रुपये की वसूली की जा रही है। एनजीटी के नियमों का भी खुलकर उल्लंघन हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने सरगुजा कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि खदानों में चल रहे अवैध रेत उत्खनन को बंद किया जाए। छोटे कारोबारी ट्रैक्टर, टिपर से रेत का कारोबार करने वालों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दस दिन के अंदर मांग पूरी नहीं होने पर भाजपा ने चेतावनी दी है कि शहर को टिपर, ट्रैक्टर और मजदूरों से जाम कर दिया जाएगा। इस दौरान विद्यानंद मिश्रा, अंबिकेश केशरी, जन्मजय मिश्रा, अभय साहू, शैलू सिंह, अनिल जायसवाल, रिंकू सिंह, काफी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता, पदाधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि पंचायतों का अधिकार सुरक्षित किया जाना चाहिए। पांचवी अनुसूची राज्य में पंचायतों का अधिकार है कि पंचायत के लोग प्राकृतिक के क्षेत्रों का संरक्षण करें, लेकिन खदानों में लूट मची हुई है। बड़े-बड़े गाड़ियों से रेत खोद कर नदियों में कुआं बना दिया जा रहा है, जिसके विरोध में ट्रैक्टर टीपर संघ के साथ मिलकर भाजपा ने रैली निकाल कमिश्नर के नाम डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौप उचित कार्रवाई की मांग की है।

डिप्टी कलेक्टर संतन जांगड़े ने कहा कि भाजपा नेताओं के द्वारा ज्ञापन दिया गया है। संभाग के तीनों जिले के कलेक्टर और एसपी मामले में उचित कार्रवाई करेंगे।

Categorized in: