गावां (गिरिडीह)- बैंक से पैसे निकाल कर कर्ज का पैसा देने मायके से निकली 25 वर्षीय रिंकी कुमारी का शव मंगलवार को पटना-डोरंडा पथ में पुलिया के नीचे मिला। वह गावां थाना क्षेत्र के चिहुंटिया निवासी लखन महथा की पुत्री थी। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिंकी की शादी छह वर्ष पूर्व हीरोडीह थाना क्षेत्र के टिकोडीह निवासी हेमराज पासी से हुई थी। रिंकी तीन दिन पूर्व ससुराल से मायके आई थी। सोमवार को पति के कहने पर मायके से गावां बैंक आफ इंडिया से पैसा निकालने गई थी। इसके बाद से वह लापता थी।

रिंकी का शव मिलने से गांव में खलबली
रिंकी के इस तरह अचानक गायब होने के बाद मायके वाले उसकी खोजबीन कर रहे थे। गावां थाना में उसके लापता होने का आवेदन भी दिया था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर गावां थाना प्रभारी पिंटू कुमार और तिसरी थाना प्रभारी पिकू प्रसाद दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। महिला का चेहरा पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था।

दहेज के लालची थे रिंकी के ससुरालवाले
रिंकी के पिता लखन महथा ने गावां थाना में आवेदन देकर कहा है कि पुत्री का विवाह 2017 में टिकोडीह निवासी हेमराज पासी के साथ किया था। शादी के कुछ दिन बाद से ही दामाद और ससुराल वाले रिंकी से मारपीट करने लगे। वे लोग पैसे के साथ एक बाइक की मांग करने लगे। इसे लेकर गावां थाना में पंचायत भी की गई थी। सोमवार को हेमराज ने फोन कर बैंक से पांच हजार रुपये निकाल कर लोन वाले को पटना चौक पर देने को कहा था। इसके बाद से रिंकी गायब हो गई।

लोगों ने की आरोपितों की जल्‍द गिरफ्तारी की मांग
उन्होंने दामाद हेमराज पासी के साथ-साथ इस हत्या में उसका साथ देने वाले अन्य लोगों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्वजनों को सांत्वना दी। पुलिस से घटना का अविलंब खुलासा और आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

Categorized in: