पुत्र को बुलाकर रुपये सुपुर्द की पुलिस

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास बुधवार को पैरों में बेड़ी डाले एक महिला नोटों की गड्डी लिए अनजान लोगों को रुपये बांटने में लगी थी। इसके बाद मौकापरस्त लोगों की उसके इर्द-गिर्द भीड़ लगने लगी। महिला किसी को एक हजार तो किसी को दो हजार रुपये थमाने में लगी थी। इस नजारे को अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी व पुलिस कर्मियों ने देखा और हस्तक्षेप करते हुए महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और पूछताछ करने लगे, तो वह अपना निश्चित ठिकाना बता नहीं पा रही थी। बातचीत के दौरान महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का आभास हुआ। काफी मशक्कत के बाद पुलिस को पता चला कि वह मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हर्राटिकरा की रहने वाली है। वह रुपये कहां से लाई यह उसे खुद पता नहीं था। इस बीच वह कई अनजान लोगों को रुपये बांट चुकी थी। महिला के सामने रुपये की गिनती पुलिस की, तो 34 हजार रुपये मिला। पुलिस की तहकीकात में सामने आया कि महिला हर्राटिकरा की सुमित्रा दास 60 वर्ष है, उसका मायका लोधिमा में है। पुलिस ने महिला के पुत्र संदीप दास को बुलाया और पूछताछ की तो पता चला कि उसके मां की दिमागी हालत सही नहीं है। वह तीन-चार दिन से घर से निकल कर गायब थी। वह रुपये कहां से लाई यह बता पाने में पुत्र असमर्थ था। मायके पक्ष से पूछताछ में भी उनके द्वारा रुपये नहीं देने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला के मायके ग्राम लोधिमा में उसके परिवार का काफी पुश्तैनी जमीन है। ऐसे में कई प्रकार के संभावित कयास लगाए जा रहे हैं। बहरहाल पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी सिदयुस कुजूर ने दो गवाहों के मौजूदगी में संदीप दास को 34 हजार रुपये सुपुर्द कर दिया और दिमागी रूप से कमजोर मां के इलाज व देखभाल की समझाइश दी।

Categorized in: