कानफोड़ू शोर से राहत दिलाने पुलिस हुई कठोर, 30 वाहनों में मिले अमानक साइलेंसर

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय में दोपहिया वाहनों के अमानक साइलेंसर लगाकर शोर मचाने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की और तीस दोपहिया के अमानक साइलेंसर जप्त कर चालानी कार्रवाई की गई। इन वाहन चालकों को सख्त हिदायत देने के साथ वाहन सुपुर्द किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस की साझा कार्रवाई शहर के मुख्य मार्गों, चौपाटी, घड़ी चौक, गांधी चौक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अभियान चलाकर की गई।
शहर में बुलेट मोटरसाइकिल में लगे अमानक साइलेंसरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव ने दिए हैं। इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर अमानक साइलेंसर जप्त कर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। वाहन चालकों को अमानक साइलेंसर का पुन: प्रयोग करने पर चालानी कार्रवाई के साथ ही न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई करने की हिदायत दी गई है। इसी क्रम में बुधवार की रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप पुलिस डॉ.प्रशांत देवांगन एवं यातायात प्रभारी जयराम चेरमाको द्वारा शहर के मुख्य मार्ग, भीड़़ वाले स्थान, घड़ी चौक, गांधी चौक, चौपाटी के आस-पास संयुक्त कार्रवाई कर बुलेट मोटरसाइकिल के अमानक साइलेंसरों की जप्ती व चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाही के दौरान संयुक्त पुलिस टीम द्वारा 34 बुलेट मोटरसाइकिल पकड़े गए, जिसमें से 30 साइलेंसर अमानक पाए गए। अवैध साइलेंसरों को निकलवाकर जप्त किया गया एवं नियमों के अधीन सामान्य साइलेंसर लगाने के पश्चात चालानी कार्रवाई कर वाहन मालिकों को यातायात नियमों का पालन करने को हिदायत दी गई। दोबारा अमानक साइलेंसर पाए जाने पर वाहन मालिकों के खिलाफ र न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई होगी। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन, यातायात प्रभारी जयराम चेरमाको, सचिन श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, सलीम मलिक, यातायात पुलिस की टीम, पुलिस मितान के सदस्य राहु, शंभू, बसंत, सतीश, सैफ शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने की अपील
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बुलेट मोटरसाइकिल में लगे अमानक साइलेंसरों से निकलने वाले कानफोड़ू आवाज को देखते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी वाहनों में अमानक साइलेंसरों का प्रयोग ना करें। नियमों का पालन नहीं करने पर पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन को जप्त कर वाहन मालिकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कार्रवाई किए गए वाहनों का रिकार्ड सुरक्षित रखा है। उन्होंने बताया सरगुजा पुलिस की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Categorized in: