अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ बीएमओ नारद गुप्ता का 50 हजार रुपये रिश्वत की बात करते हुए कथित ऑडियो के वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमें में बड़े पैमाने पर रिश्वतखोरी की चर्चा होने लगी है।
शासन द्वारा संचालित धनवंतरी योजना के नाम पर 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग ऑडियो में खुलेआम करने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में सच्चाई की पुष्टि अभी तक नहीं की जा सकी है लेकिन इस मामले को एसीबी कार्यालय तक क्षेत्रीय लोगों के द्वारा पहुंचाने की बातें सामने आ रही हैं। वैसे भी प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हमेशा सुर्खियों में रहा है। इसका कारण यहां पदस्थ कर्मचारियों के द्वारा खुलेआम नियमों कानून को ताक में रखकर गरीबों को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ना है। लोगों का कहना है कि धनवंतरी योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जो गरीबों के लिए संचालित की जा रही है लेकिन यहां भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भ्रष्टाचार की नीयत बनाए रखे हैं। वैश्विक महामारी कोरोना के समय भी आम जनता के जान से खिलवाड़ करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा वैक्सीन बेचने के आरोप सामने आ रहे थे। हाल में वायरल ऑडियो में खूब मोलभाव करने के बाद 30 हजार रुपये में साहब के द्वारा सौदा डन करने जैसी बातें हुईं हैं। जांच के बाद और भी कई रहस्योद्घाटन की उम्मीद है।

Categorized in: