अंबिकापुर – अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर शहर से लगे ग्राम सकालो में गुरुवार की सुबह 11 बजे बाइक सवार 2 किशोरों को मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से सडक़ पर गिरे किशोरों को पहियों से रौंदते हुए मिनी ट्रक का चालक भाग निकला। हादसे में सिर कुचल जाने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों 9वीं कक्षा के छात्र थे और बाल कटवाने सलून जा रहे थे। सूचना पर भाग रहे ट्रक चालक को घटनास्थल से 15 किमी दूर पकड़ा गया। इधर दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने कुछ देर के लिए सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

शहर से लगे ग्राम सकालो के बंगालीपारा निवासी रमन पोर्ते पिता जनेश पोर्ते 16 वर्ष व कमलेश सिंह पिता सुरेंद्र सिंह 16 वर्ष पड़ोस में रहते थे। दोनों 9वीं कक्षा में पढ़ते थे। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे दोनों बाइक क्रमांक सीजी 15 डीआर 9989 पर सवार होकर बाल कटवाने सकालो बाजार के लिए निकले थे।

वे अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर स्कूल के सामने पहुंचे ही थे कि अंबिकापुर की ओर से जा रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 04 एलके-1753 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक से सडक़ पर जा गिरे। इस दौरान चालक उन्हें रौंदते हुए वहां से भाग निकला।

Categorized in: