राजेन्द्र ठाकुर (राजू )बलरामपुर बलरामपुर बेमौसम हुई बारिश के तत्काल बाद कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने धान के रख-रखाव व खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का जायजा लेने विभिन्न समितियों का दौरा किया। कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के साथ धान खरीदी केन्द्र बड़कीमहरी, महाराजगंज व ओलावृष्टि से प्रभावित बरदर केन्द्र पहुंचे। समिति में बारिश के कारण धान खरीदी प्रभावित हुई है किन्तु धान के सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
धान खरीदी केन्द्र बड़कीमहरी पहुंचकर उन्हें धान के रख-रखाव का जायजा लिया तथा बारिश से किसी प्रकार के नुकसान न होने पर अधिकारियों की प्रशंसा भी की। उन्होंने प्रबंधक से आगामी दिनों में की जाने वाली खरीदी के लिए बारदाने की उपलब्धता, कृषकों की संख्या की जानकारी ली तथा बिना गतिरोध के खरीदी के लिए तत्काल धान उठाव करने के निर्देश जिला विपणन अधिकारी को दिये। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के कारण धान उठाव प्रभावित हुआ था, किन्तु बारिश थम गई है इसलिए नये सिरे से कार्ययोजना बनाकर उठाव में तेजी लायें। तत्पश्चात कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने धान खरीदी केन्द्र महाराजगंज का निरीक्षण किया। महाराजगंज में आने वाली दिनों में बड़ी मात्रा में धान खरीदी होगी, खरीदी प्रभावित न हो इसलिए अधिकारी सभी जरूरी व्यवस्था देख ले और धान का उठाव कराएं। उन्होंने समिति में काम कर रहे हमालों को मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा।
कलेक्टर श्री कुमार ने अधिकारियों से कहा कि खरीदी के अंतिम दिनों में बिचौलियों सक्रिय हो सकते हैं इसलिए समितिवार बिचौलियों का चिन्हांकन कर अवैध धान पर कार्यवाही की जाए।

Categorized in: