छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। भारत सरकार की योजनाओं से आम नागरिकों को जागरूक करने एवं शासन की लोक हितैषी योजनाओं से लाभान्वित करने ग्राम पंचायतों में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत विभिन्न शिविरों के आयोजन किए गए। लोगों को योजनाओं का लाभ मिला, साथ ही मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत 14 हजार से ज्यादा योजनाओं से पहले से जुड़े लोगों ने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके जीवन में सुखद बदलाव आए।
अर्चना बताती हैं कि पहले खाना बनाने में समस्या होती थी, अब वो पूरी तरह से खत्म हो गई है। चूल्हे में खाना बनाने से धुएं की वजह से स्वास्थ्य पर भी खराब असर पड़ रहा था। कभी-कभी कई कारणों से इतना समय लग जाता था कि बच्चे भूखे सो जाते थे। उन्हें प्रधनमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन मिला है। वे बहुत खुश हैं, अब धुएं की समस्या नहीं रही और खाना भी जल्दी बन जाता है।
आयुष्मान कार्ड से हुआ मुफ्त ऑपरेशन
ग्राम भुसु की अमृता तिर्की बताती हैं कि गर्भावस्था के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें ऑपरेशन करवाने कहा। इतने पैसे नहीं थे कि वे ऑपरेशन करवा पाते। आयुष्मान कार्ड से मुफ्त में ऑपरेशन हुआ और घर में पुत्र के रूप में खुशियां आई।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिला 5 हजार
ग्राम सुमेरपुर केंद्रा की किरण कुजूर ने बताया कि जब वह गर्भवती थी तो आंगनबाड़ी वाली दीदी स्वयं उनके घर आई और उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने तुरंत योजना का फार्म भरा, जिससे पांच हजार रुपये की सहायता राशि मिली। वे इन पैसों से पौष्टिक आहार खरीदकर सेवन कीं, आज वे स्वयं और उनकी पुत्री दोनों स्वस्थ हैं। इस योजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Categorized in: