40 दिन बाद युवती ने स्वजनों को बताया-आरोपी शारीरिक व मानसिक प्रताडऩा दे रहा
आईजी तक पहुंची जानकारी, पुलिस आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर रही  

अंबिकापुर। घर से प्रायोगिक परीक्षा देने के लिए जाने की बात कहकर निकली शहर के नमनाकला मोहल्ले की एक युवती को अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक बीते 10 मार्च को अपने साथ गुजरात ले गया और उसे बंधक बनाकर रखा है। इस घटना के 40 दिन बाद युवती ने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को फोन पर दी है। आरोपी उक्त युवती को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने में लगा है। इधर परेशान युवती के स्वजनों ने हाल में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज को आवेदन देकर बेटी को सकुशल वापस लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गुजारिश की है। गांधीनगर पुलिस आरोपी का लोकेशन ट्रेस होने के बाद टीम को रवाना करेगी।


नमनाकला निवासी एक दंपती ने 19 वर्षीय बेटी के गुमशुदगी की रिपोर्ट 13 मार्च को गांधीनगर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस महानिरीक्षक को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया है कि 10 मार्च से उनकी बेटी घर से गायब है। दो दिन तक उन्होंने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। स्वजनों का कहना है कि उनकी लड़की कॉलेज में प्रेक्टिकल परीक्षा देने के नाम पर घर से निकली थी, जो गुजरात के पोरबंदर स्थित कांसवाड़ा निवासी सोलंकी जीवनभाई चंदाभाई नामक युवक के पास बंधक है, इसकी जानकारी आरोपी युवक के मोबाइल से ही वह दी है। आरोपी युवक का आधार कार्ड नंबर भी वह अपने माता-पिता के पास भेजी है, इसके बाद से मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है। बहरहाल आईजी ने उन्हें मामले में जल्द कार्रवाई व आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Categorized in: