0 मॉनसून व त्योहारों में प्रधानमंत्री के भारतीयों की जीवन-रक्षा के अभियान को हमारी सतर्कता ही सफल बना सकेगी : डॉ. सरोज

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री व संसद सदस्य (राज्यसभा) डॉ. सरोज पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार नवंबर माह तक किए जाने का स्वागत किया है। डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह घोषणा कोरोना संक्रमण काल में देश के ग़रीबों-मज़दूरों व हर ज़रूरतमंदों के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता की मिसाल तो है ही, साथ-साथ देश को एकजुट रख सबकी मूलभूत ज़रूरतों की पूर्ति करते हुए कोरोना संकट पर विजय पाने के केंद्र सरकार के जज़्बे को भी दर्शाती है।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि कोरोना की आहट के साथ ही प्रधानमंत्री श्री मोदी और उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जिस त्वरित गति से जनता कर्फ़्यू और लॉकडाउन का फैसला लेकर कोरोना पर काबू पाने के रणनीतिक उपाय किए, उसी का यह सुपरिणाम है कि 130 करोड़ की आबादी वाले भारत में कोरोना संक्रमण और उससे होने वाली मृत्य दर विश्व के अन्य विकसित और बड़े देशों के मुकाबले काफी नियंत्रण में है। डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही 1.70 लाख करोड़ रुपए की जिस प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण अन्न योजना शुरू की, उससे देश का एक भी परिवार इस भयावह संकट में भूखा नहीं रहा और एकजुट हेकर सेवा व सहायता अभियान के साथ पूरा देश इस संकट के मुक़ाबले सीना तानकर खड़ा रहा। आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 20 लाख करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा कर देश की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार लाने का साहसिक संकल्प व्यक्त किया है।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद डॉ. (सुश्री) पांडेय ने अनलॉक-2 के दौर में मास्क के इस्तेमाल और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील कर कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 130 करोड़ भारतीयों की जीवन-रक्षा के इस अभियान को अब मॉनसून व त्योहारों की कड़ी में हमारी सतर्कता ही सफल बना सकेगी। इसलिए लॉकडाउन के समय का अनुशासन हमारी जीवनचर्या का अंग तो बने ही, कोई भी कोरोना की रोकथाम के उपायों व नियमों की अवहेलना नहीं करे। ‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ के फैसले को प्रवासी व अन्य प्रदेशों में रह रहे लोगों के लिए कल्याणकारी बताते हुए डॉ. सुश्री पांडेय ने प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार नवंबर माह तक किए जाने और इसके ले 90 हज़ार करोड़ रुपए का प्रावधान करने पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और बताया कि पिछले तीन माह की अवधि को जोड़कर यह प्रावधान कुल डेढ़ लाख करोड़ रुपए का होगा। डॉ. (सुश्री) पांडेय ने भरोसा जताया कि समय पर और संवेदनशीलता के साथ लिए गए फैसलों से हम भारतवासी इस संकट पर विजय प्राप्त करेंगे।

Categorized in: