सूरजपुर। करीब छः माह पूर्व रामानुजनगर से अगवा की गई नाबालिग लड़की को पुलिस टीम ने उत्तरप्रदेश के मैनपुरी से  बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि  रामानुजनगर की एक नाबालिग लड़की को 10 मार्च को   किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला फुसलाकर भगाकर ले गया है। जिसकी शिकायत पर रामानुजनगर पुलिस ने  धारा 363  के तहत् अपराध पंजीबद्व कर विवेचना में लिया । पुलिस अधीक्षक  राजेश कुकरेजा ने महिलाओं एवं बालिकाओं के विरूद्व दर्ज मामलों की विवेचना जल्द से जल्द पूर्ण करने एवं अपहृता को दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में रामानुजनगर की पुलिस टीम गठित किया गया जिनके द्वारा अपहृता एवं आरोपी की सघन पतासाजी की गई। इस दौरान जानकारी मिली कि संदेही मैनपुरी उत्तरप्रदेश अपहृता को लेकर गया है । जिसकी जानकारी से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम मैनपुरी के लिए रवाना हुई जहां पर अपहृता एवं संदेही की पतासाजी करने पर भजानंद आदर्श गौशाला, मैनपुरी उत्तरप्रदेश में संदेही राजू चौहान के कब्जे से नाबालिक अपहृता को दस्तयाब किया गया। मामले में पृथक से धारा 366, 376(2-ढ)  व पोक्सो एक्ट की धारा 06 जोड़ी जाकर आरोपी राजू चौहान को  गिरफ्तार कर यहां न्यायालय में पेश किया गया । जहां से उसे जेल भेज दिया गया तथा नाबालिक अपहृता को उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।         

  कोविड-19 संक्रमण एवं विभिन्न स्थानों, जिलों एवं राज्यों में लाकडाउन के बीच पतासाजी करते हुए मैनपुरी-उत्तरप्रदेश से आरोपी की गिरफ्तारी व अपहृता को दस्तयाब करने पर पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा ने पुलिस टीम को नगद ईनाम देने की घोषणा की है इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर गोपाल धुर्वे, एएसआई रंजीत सोनवानी, आरक्षक अमलेश्वर कुमार, महिला आरक्षक तेरेसा तिग्गा सक्रिय रहे।

Categorized in: