पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत में नामजद संदेहियों की दी जानकारी
20 दिन पूर्व गांव के तालाब में शिक्षक का संदिग्ध परिस्थिति में मिला था शव

रामानुजगंज। बलरामपुर जिला के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कृष्णनगर धमनी के एक शिक्षक का 20 दिन पूर्व गांव के तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला था। घटना के बाद से ही स्वजनों के द्वारा हत्या का आरोप गांव के कुछ लोगों पर लगाया जा रहा था। मृत शिक्षक की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप मामले की निष्पक्ष जांच कराने व दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के मुताबिक 24 अक्टूबर दीपावली की रात 9.30 बजे शिक्षक रामदेव राम सरुता अपने मोहल्ले में ही दोहा खेलने के नाम से निकले थे, इसके बाद वे देर रात तक घर नहीं आए। स्वजन सोचे कि सुबह में आ जाएंगे, लेकिन सुबह भी घर नहीं पहुंचे। इसके बाद स्वजनों की बेचैनी बढऩे लगी, उन्होंने शिक्षक की खोजबीन प्रारंभ की। घर से निकलने के तीसरे दिन 26 अक्टूबर की सुबह शिक्षक का पुत्र राकेश कुमार सरुता अपने पिता की तलाश में निकला। इस दौरान गांव के कुम्हिया पारा तालाब में पिता का शव देख उसके होश उड़ गए। इसकी सूचना त्रिकुंडा थाने में दी गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया था। स्वजनों ने पुलिस के समक्ष हत्या का आरोप लगाया था। मृतक की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप गांव के कुछ लोगों का नाम उल्लेखित करते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।
पिता थे अच्छे तैराक, डूबने से नहीं हो सकती मौत
मृतक रामदेव राम के पुत्र राकेश कुमार सरुता ने कहा कि उनके पिता अच्छे तैराक थे, उनकी कभी डूबने से मौत नहीं हो सकती है। जिस तालाब में उनकी मृत्यु हुई है, वहां इतनी गहराई भी नहीं है, जिसमें वे डूब सकंे। गांव के सभी लोगों को मालुम है कि उनके शिक्षक पिता अच्छे तैराक थे।
जमीन की रंजिश के चलते हत्या का आरोप
मृतक की पत्नी का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों से उनके पति की जमीन को लेकर रंजिश थी, इसे लेकर हत्या की गई है। मृतिका की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत में कुछ लोगों का नामजद उल्लेख किया है। मृतक की पत्नी ने कहा कि जब वे शिकायत करने निकल रही थीं, इसका पता जब उन्हें चला तो रोकने के लिए दबाव बना रहे थे।
मामले की निष्पक्ष जांच हो-बृहस्पत
मृत शिक्षक के स्वजन जब विधायक बृहस्पत सिंह से मिलने पहुंचे तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और कहा कि यदि स्वजन ऐसा आरोप लगा रहे हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।  

Categorized in: