नवा बिहान अभियान के तहत नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई
अंबिकापुर। ‘नवा बिहान’ नशा मुक्ति अभियान के तहत नशेडियों एवं नशे का व्यापार करने वालों पर पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सदर कोतवाली की नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के व्यापारी को नाबालिग सहित पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। आरोपितों से पुलिस ने लगभग 25 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया है, जिसकी कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
सरगुजा जिले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज व पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमित तुकाराम कांबले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के द्वारा मादक पदार्थों का कारोबार जड़ से समाप्त करने थानों में नारकोटिक्स टास्क फोर्स को जिम्मेदारी सौंपी है। इसी कड़ी में पुलिस ने अब तक कई बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा, नशीली सीरप, टेबलेट, इंजेक्शन खपाने में लगे लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कई अंतरराज्यीय नशे के कारोबारियों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। इसी कड़ी में पुलिस ने ब्राउन शुगर विक्रय करने के उद्देश्य से बांस बाड़ी अंबिकापुर के पास मौजूद संदेही राजकिशोर गुप्ता व एक विधि से संघर्षरत बालक को कब्जे में लिया, जो अपाचे मोटरसाइकिल में ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर आरोपित राजकिशोर गुप्ता पिता शिव नारायण गुप्ता निवासी देवीगंज रोड व मिशन चौक के पास रहने वाले बालक की तलाशी लेने पर इनके पास के अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर मिला, जिसका वजन 24.84 ग्राम कीमत करीब पांच लाख रुपये है। प्रकरण में धारा 21बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपितों को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
कार्यवाही में शामिल टीम-
निरीक्षक भारद्वाज सिंह, निरीक्षक एलरिक लकडा उप निरीक्षक रामनरेश गुप्ता उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय, उप निरीक्षक सरफराज फिरदौसी, आरक्षक मंदु गुप्ता, कुन्दन सिंह शिव राजवाडे, सीनु फिरदौसी, मनीष सिंह, अतुल सिंह, विमल कुमार साहबाज अंसारी सक्रिय रहे।

Categorized in: