ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर/बलरामपुर सिटी कोतवाली
थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत झपरा में महिला की मौत के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लातापानी के घने जंगल में एक पेड़ से महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतिका बंधनी उम्र लगभग 50 वर्ष पति गुना राम, निवासी झपरा की मृत्यु हत्या प्रकृति की होना पाया गया। शव पर गंभीर चोट एवं खरोंच के निशान पाए गए, जिससे मामला आत्महत्या के बजाय हत्या का प्रतीत हुआ।
मर्ग जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी गुना राम अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करता था। घटना के दिन भी बाजार से देर घर लौटने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने पत्नी को धक्का देकर गिराया और बांस के डंडे तथा हाथ-पैर से मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी लखन  ने गुना राम के साथ मिलकर हत्या के साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को फांसी पर लटकाने में सहयोग किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और धारा 103(1), 238, 3(v) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Categorized in: