पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को सहरसा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पूर्व सैनिक है, उसके पिता भी सीआरपीएफ में काम कर चुके हैं। सोमवार की रात पटना जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी देने की जानकारी मिलने पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा तकनीकी सहयोग के आधार पर सहरसा पुलिस के सहयोग से आरोपी को बैजनाथपुर ओपी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार रात ही उसे पटना ले जाया गया, उससे पूछताछ जारी है।

सहरसा एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने गिरफ्तारी के संबंध में पुष्टि तो की लेकिन विस्तार से जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन चल रही है। इधर पटना जंक्शन उड़ाने की धमकी वाले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सहरसा में भी लोग आश्चर्य में पड़ गए। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ पूरी करने के बाद ही पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी।

पूर्व सैनिक है पटना जंक्शन उडाने की धमकी देने वाला
देर रात करीब 12 बजे पटना से विशेष टीम और बैजनाथपुर पुलिस आरोपी के मुसहरनिया स्थित घर पर पहुंची। घर की तलाशी ली गई। आरोपी के पिता से भी पूछताछ की गई। इसके बाद पता चला कि आरोपी सहरसा के पंचवटी चौक, शिवपुरी आसपास किराये के मकान में रहता है। पुलिस टीम ने अहले सुबह करीब चार बजे उसे हिरासत में लिया। वहीं मंगलवार को करीब बारह बजे उसे पटना ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार आरोपी सीआरपीएफ में कार्यरत था, लेकिन बाद में उसने सेना की नौकरी छोड़ दी। उसके पिता भी सीआरपीएफ में थे और वीआरएस लेने के बाद बनमाईटहरी में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान पिता से भी पूछताछ की गई। उनका मोबाइल फोन ले लिया गया। हालांकि, छानबीन के बाद मोबाइल सहित पिता को छोड़ दिया गया।

Categorized in: