एसडीएम एवं सीईओ जनपद को निर्देश विशेष पिछड़ी जनजातियों को मिले वनाधिकार पट्टों का लाभ, नगरीय क्षेत्रों में भी जारी किये जाएंगे पट्टे

कोरिया – साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने सभी एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व प्रकरणों के अंतर्गत नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा के प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण करें जिससे लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़े और लोगों को शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले। कलेक्टर ने शिविर आयोजित कर प्रकरणों के निराकरण और आवेदन लेने के निर्देश दिए। वर्तमान में पटना, भरतपुर तहसील में शिविर के ज़रिए आवेदन लिए जा रहे हैं और अविवादित प्रकरणों का स्पॉट पर ही निराकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिले में जाति प्रमाणपत्र बनाए जाने में फिर तेजी लाएं। जिससे शतप्रतिशत प्रमाण पत्र जारी हो सकें। शासन द्वारा निर्धारित नियमों का ध्यान रख जाति प्रमाण पत्र जारी करें। उन्होंने कहा कि जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो, कोड़ाकू को वन अधिकार पट्टा ज़रूर मिले। उन्होंने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि शासन के द्वारा नगरीय क्षेत्रों में भी वनाधिकार पट्टा दिया जा रहा है। जिले में भी इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करते हुए पट्टा जारी किया जाना है।
सुपोषण अभियान को मजबूत करने कलेक्टर ने समूह के माध्यम से अंडा वितरण शुरू कराने के दिये निर्देश
जिले में सुपोषण अभियान के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर श्री धावड़े ने सीईओ जनपद पंचायत को सीडीपीओ का प्रभार सौंपा है। अभियान के तहत जिले में बच्चों को अण्डा व चिकी का वितरण शुरू कराने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूह के द्वारा अंडे का वितरण किया जाए। जिससे समूह को आय का साधन मिले और जिले में आसानी से उचित दर पर अंडा उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही भावी पीढ़ी को स्वस्थ्य एवं सुपोषित करने उन्होंने सभी सीईओ जनपद को बच्चों के पालकों से मिलकर उन्हें पौष्टिक भोजन खिलाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
1 दिसम्बर से प्रदेश में शुरू होगी धान खरीदी, कलेक्टर ने समितियों में उचित व्यवस्था रखने के दिये निर्देश –
राज्य में 1 दिसम्बर से धान खरीदी शुरू की जाएगी। कलेक्टर श्री धावड़े ने इस संबंध में सहकारिता एवं डीएमओ मार्कफेड को सभी समितियों में धान के तौल, डाटा एंट्री ऑपरेटर और अन्य उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जाए। बारदाना संग्रहण का काम समय सीमा में पूरा कर लें जिससे खरीदी के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था ना हो।
बैठक में मुख्य कार्यापालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुणाल दुदावत, अपर कलेक्टर श्री सुखनाथ अहिरवार, संयुक्त एवं डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Categorized in: