रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद दुखद रहा। रायपुर शहर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।। उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रद्धांजलि दी है।

रजनी ताई उपासने के बेटे सच्चिदानंद उपासने ने उनके निधन की खबर दी। रजनी ताई का जन्म 28 अप्रैल 1933 को महाराष्ट्र के परतवाड़ा में हुआ था। उनकी शादी आकोट के दत्तात्रेय उपासने से हुई थी। दत्तात्रेय आर्डिनेंस फैक्ट्री में काम करते थे। उनके चार बेटे हैं। एक बेटे जगदीश उपासने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विवि भोपाल में कुलपति भी रह चुके हैं। सच्चिदानंद उपासने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हैं। बाकी दो बेटे, गिरीश और हेमंत उपासने एलआईसी में काम करते हैं।

1977 में बना था ऐतिहासिक रिकॉर्ड
रजनी ताई उपासने ने 1977 के विधानसभा चुनाव में जनता पार्टी की ओर से रायपुर सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शारदा चरण तिवारी को हराकर इतिहास रचा था। इसी के साथ वे रायपुर शहर से चुनकर आने वाली पहली महिला विधायक बनीं। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकतांत्रिक इतिहास में आज तक किसी अन्य महिला को विधायक बनने का अवसर नहीं मिला। रजनी ताई उपासने ही अब तक रायपुर शहर की इकलौती महिला विधायक रही हैं। सियासत में औपचारिक प्रवेश से पहले रजनी ताई जनसंघ की सक्रिय कार्यकर्ता रहीं। वे कई आंदोलनों से जुड़ी रहीं और अपने संघर्ष व समर्पण से उन्होंने राजनीतिक जगत में पहचान बनाई।

आरएसएस से जुड़ा है पूरा परिवार
1967 में उनका परिवार बालोद से रायपुर आ गया। उनका पूरा परिवार RSS से जुड़ा रहा। रजनी ताई ने 1977 में जनता पार्टी से रायपुर विधानसभा का चुनाव जीता। वह रायपुर की पहली महिला विधायक बनीं। उस समय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बहुत कम थी। ऐसे में उनका चुनाव जीतना बड़ी बात थी। उन्होंने जनता के लिए कई काम किए।

प्रदेश के बड़े नेताओं ने जताया दुख
रजनी ताई सरल स्वभाव की थीं और लोगों से जुड़ी हुई थीं। उन्होंने महिलाओं और गरीब लोगों के लिए भी काम किया। उनके निधन पर कई नेताओं और सामाजिक संगठनों ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रजनी ताई का जाना एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आपातकाल के दौरान अपने बेटों की गिरफ्तारी का साहस से सामना किया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब उनसे फोन पर बात की थी, तब कहा था, ‘आपने पार्टी के लिए बहुत काम किया है और जो जिम्मेदारी आपने दी, उसका मैं पालन कर रहा हूं।’

 

Categorized in: