सरगुजा पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
आरोपितों से 1013 नग इंजेक्शन एवं 1725 नग टेबलेट जब्त


अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नवा बिहान नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर और एक नगर सैनिक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। आरोपितों से 1013 नग इंजेक्शन एवं 1725 नग टेबलेट किया गया जब्त करने में पुलिस सफल हुई है। जब्त किए गए इंजेक्शन व टेबलेट की कीमत प्रिंटेड मूल्य के अनुसार 26 हजार रुपये है, लेकिन इसे एक हजार से पांच हजार रुपये तक में आरोपित खपाते थे। हाल में एक जेल प्रहरी को नशे के कारोबार में संलिप्त पाया गया था, जिसके विरुद्ध पुलिस कार्रवाई की थी। पुनः बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ नगर सैनिक के गिरफ्त में आने के बाद संभावना बन रही है कि आरोपित यहां रहने वाले बच्चों को नशे की पूर्ति कर रहे हों तो कोई बड़ी बात नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमित तुकाराम काम्बले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा व एसडीओपी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में सरगुजा जिले में नशा विरोधी अभियान नवा बिहान चलाया जा रहा है। इसके तहत लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नवा बिहान कार्यक्रम के तहत नशीला इंजेक्शन बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया है, जिसके तहत दो आरोपितों को सुभाषनगर मनेद्रगढ रोड से साई मंदिर जाने वाले तिराहे के पास से गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 1013 नग इंजेक्शन तथा 1725 नग टेबलेट एलप्राजोलम जब्त किया गया। आरोपितों के विरुद्ध थाना गांधीनगर में धारा 22 सी एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड में पेश किया गया है। कार्रवाई में निरीक्षक अलरिक लकड़ा, उप निरीक्षक ओपी यादव, सउनि रविन्द्र प्रताप सिंह, सरफराज फिरदौसी, विनय सिंह, प्रमोद दूबे, संतोष तिवारी, आरक्षक अमृत सिंह, सतेन्द्र दुबे, समिनूल फिरदौसी, बृजेश राय, शाहबाज, मंदुलाल गुप्ता, अनिल सिंह, कृष्णा खेस, श्यामलाल, मान सिंह, जोधन पैकरा, रंजित लकड़ा, सैनिक अनिल साहू, अमित विश्वकर्मा सक्रिय रहे।


आरोपितों से जब्त इन्जेक्शन व टेबलेट-
अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर विवेक कुमार गुप्ता से एक ट्राली बैग में भरा 900 नग लुपिगेसिक बुप्रानोरफिन नशीली इंजेक्शन स्वापक एवं मनः प्रभावी औषधी 1800 एमएल कीमत 20 हजार 340 रुपये तथा आरोपित नगर सैनिक श्रवण कुमार कुशवाहा उर्फ सरमन से एक सफेद रंग के डिस्पोजल कपड़े के थैले में रखा 113 नग लुपिगेसिक बुप्रानोरफिन आइपी नशीला इंजेक्शन मात्रा 226 एमएल कीमत 2553.80 रुपये व कुल 13 पत्तों में 1725 नग अल्प्राजोलम टेबलेट 0.5 एमजी कीमत 3680 रुपये कुल कीमत 26573.80 रुपये जब्त किया गया है। तस्करों द्वारा एक इंजेक्शन को 12 से 15 सौ रुपये में न्यूनतम बिक्री करने की जानकारी दी जा रही है। टेबलेट व इंजेक्शन की कृत्रिम कमी बता वे उसे पांच हजार तक में नशे की लत से घिर चुके लोगों को उपलब्ध कराते थे। न्यूनतम कीमत में बिक्री पर इसका बाजार मूल्य 12 लाख 19 हजार 280 रुपये होता है।
गिरफ्तार आरोपित-

  • विवेक कुमार गुप्ता पिता नारायण प्रसाद (21) निवासी क्वार्टर नंबर बी-163 शक्तिनगर जरही थाना भटगांव हाल मुकाम महुआपारा नावापारा थाना गांधीनगर।
  • श्रवण कुमार कुशवाहा उर्फ सरमन पिता राम गुलाब कुशवाहा (35) वर्ष निवासी सिरसी भैयाथान थाना झिलमिली हाल मुकाम साई मंदिर रोड रावत रेसीडेंसी के पास थाना गांधीनगर।
    नशे के कारोबारी नहीं बख्शे जाएंगे-
    एसपी अमित काम्बले ने कहा कि सरगुजा पुलिस के द्वारा नवा बिहान अभियान के तहत ऐसे क्षेत्र जहां नशे की खपत हो रही है एवं जिनके द्वारा नशे का कारोबार किया जा रहा है उनकी पहचान कर तस्करों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Categorized in: