रायगढ़ । शादी के चन्द महीनों में ही नवब्याहता की असमय मृत्यु के गम में शराब पीने वाले पति ने साड़ी से फांसी लगाते हुए अपनी ईहलीला समाप्त कर ली। यह दुखद प्रसंग घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

इस संबंध में सहायक उपनिरीक्षक ने बताया कि कोगनारा में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के नेतराम राठिया के मकान के म्यांर में बंधे साड़ी के फंदे पर उसके 22 वर्षीय बेटे नंदसिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में लटकती लाश पाई गई।

फांसी पर झूलते शव को देखने भीड़ लगी तो पुलिस ने मौका मुआइना करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया। वर्दीधारियों ने मृतक की मां का बयान लिया तो घटना की असल वजह सामने आ गई।

दरअसल, नंदसिंह का विवाह तकरीबन सालभर पहले ही हुआ था। दाम्पत्य जीवन में कुछ समय रहने के बाद नवविवाहिता का अचानक निधन हो गया। ऐसे में जीवनसाथी के ताउम्र के लिए जुदाई के सदमे में डूबा नंदसिंह शराब पीने लगा था।

माना जा रहा है कि पारिवारिक सुख नहीं मिलने पर जिन्दगी से मोहभंग होते ही बीती रात नंदसिंह ने आत्मघाती कदम उठाते हुए दुनिया को अलविदा कह दिया। घरघोड़ा पुलिस मर्ग कायम करते हुए छानबीन कर रही है।

Categorized in: