भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया कि चलन में मौजूद दो हजार रुपये (₹2000) के कुल नोटों में से लगभग 50 फीसद बैंकिंग प्रणाली में वापस आ गए हैं। गौरतलब है कि केंद्रीय बैंक ने पिछले महीने इन नोटों को वापस लेने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि 31 मार्च, 2023 तक कुल 3.62 लाख करोड़ रुपए मूल्य के दो हजार रुपये के नोट चलन में थे।

शक्तिकांत दास ने बताया कि नोट वापस लेने की घोषणा के बाद अबतक 1.80 लाख करोड़ रुपए के नोट वापस आ चुके हैं। वापस आए कुल नोटों में से करीब 85 फीसद नोट बैंक खातों में जमा किए जा रहे हैं, जबकि बाकी नोटों को छोटे मूल्य वर्ग के नोटों से बदला जा रहा है। आरबीआई गवर्नर ने पिछले महीने ही कहा था कि 2,000 के नोटों को चलन से हटाने के फैसले का अर्थव्यवस्था पर बहुत सीमित असर होगा। चलन में मौजूद कुल मुद्रा में 2,000 के नोट का हिस्सा सिर्फ 10.8 फीसद है।

₹500 के नोट होंगे वापस और फिर जारी होंगे ₹1000 के नए नोट? RBI गवर्नर ने बताई सच्चाई
उन्होंने उम्मीद जताई कि 30 सितंबर की समयसीमा तक 2,000 के ज्यादातर नोट बैंकों में वापस आ जाएंगे। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वो तय समय के भीतर अपने नोट बैंकों में जमा कर दें या फिर बदल लें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये पूछे जाने पर कि क्या केंद्रीय बैंक 500 रुपए के नोटों की वापसी या फिर 1000 रुपए के नोट लाने पर भी कोई विचार कर रहा है, उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई जानकारी उनके पास नहीं है। न ही उनका कोई ऐसा इरादा है।

 

Categorized in: