श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद ने दोष गिनाते आयुक्त सेे कार्रवाई करने कहा

अंबिकापुर। भारी बरसात में नवनिर्मित नाली टूटने के मामले में नगर निगम, निर्माण विभाग के एमआईसी और श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद ने नाराजगी जताई है। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। विगत 60 घंटों से हो रही बरसात में निगम क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 3 के तुर्रापानी पुलिया से मुक्तिधाम नाला तक, गोधनपुर में किसुन राम के घर से आउटलेट तक और सत्तीपारा में सिविल कोर्ट से पंचदेव मंदिर तक निर्मित नाला का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसकी जानकारी मिलते ही निगम के निर्माण विभाग प्रभारी शफी अहमद ने आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई करने कहा है। पत्र में कहा गया है निर्माण क्षतिग्रस्त होने से शासकीय धन की हानि के साथ-साथ शासन की छवि धूमिल हुई है। अवलोकन से स्पष्ट है कि पीसीसी में स्किन री-इंफोर्समेंट नहीं लगाया गया है। दीवाल के बीच में होल नहीं है। कांक्रीट कार्य में हनी कॉम्बिंग बहुत अधिक है, जिनमें पानी का रिसाव हो रहा है, स्ट्रक्चर खराब हुआ है। उन्होंने तत्काल निर्माण स्थल व आवश्यकतानुसार डिजाइन की जांच, ड्राइंग व डिजाइन के अनुसार किए गए कार्य की जांच, क्षतिग्रस्त कार्य का माप लेकर माप पुस्तिका से मिलान, क्षतिग्रस्त कांक्रीट के गुणवत्ता की जांच कराकर तत्काल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने कहा है।

Categorized in: