बिश्रामपुर। भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ बिश्रामपुर इकाई द्वारा बुधवार को स्थानीय ऑफिसर्स क्लब में महामंत्री सुजीत सिंह के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मान दिवस  कार्यक्रम का आयोजन कर 287 नारी शक्तियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिवानी महिला समिति बिश्रामपुर की अध्यक्ष ममता तिवारी उपस्थित रहीं। अन्य अतिथियों में मुख्य वक्ता सुरेंद्र कुमार पांडेय उप महामंत्री भारतीय मजदूर संघ व क्षेत्रीय महाप्रबंधक अजय तिवारी, मानकीकरण समिति सदस्य मजहरूल हक अंसारी उपस्थित थे ।कार्यक्रम में 287 नारी शक्तियों का सम्मान अंग वस्त्र से किया गया। साथ में चार बहनें जो इस वर्ष सेवानिवृत हो रहे हैं उनको पुष्प, अंग वस्त्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक अजय तिवारी ने कहा कि भारत देश में नारियों की पूजा की जाती है। जहां नारियों की पूजा होती है वहां देवताओं का वास होता है। आज देश में नारियों की स्थिति पहले के मुकाबले बेहतर हुई है। आज हर क्षेत्र में नारियों ने अपनी दमदार उपस्थिति दिखाई है। चाहे वह सेना हो अथवा राजनीति या फिर कोई अन्य फील्ड। उन्होंने कहा की नारी को पहले अबला कहा जाता था, लेकिन अब अपने दम पर नारियों ने वह मुकाम हासिल कर लिया है कि वह पुरुषों की बराबरी पर आ खड़ी हुई हैं, यह बदलते भारत की तस्वीर है। कार्यक्रम को मंचासिन अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित कर नारी शक्ति पर अपनी बातों को रखा।कार्यक्रम को सफल बनाने में मजदूर संघ के सरोज सिन्हा, राजेश सिंह, महेश गुप्ता, एसपी चतुर्वेदी, तजेंद्र झा, विजय बहादुर सिंह, सुनील सिंह, शंकर यादव, सपना बनर्जी, साधना मिश्रा सक्रिय रहीं।

Categorized in: