नगदी और किराना सामान चोरी की दुकान संचालक ने पुलिस को दी थी जानकारी  


अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपित को गिरफ्तारी कर किराना सामान व तिपहिया ठेला बरामद किया है। आरोपित पूर्व में भी चोरी के दो प्रकरणों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपित मिट्टी तेल के डिपो की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करने के बाद टेबल में रखे दुकान के चाभी को हासिल किया और किराना दुकान का सामान समेटकर चोरी के तिपहिया ठेला से अपने घर ले गया था। सुबह उठने पर दुकान संचालक को चोरी की जानकारी मिली, जिसकी सूचना वह डॉयल 112 को दिया था।  
मायापुर निवासी प्रकाश गुप्ता ने थाने में 29 नवंबर को उसके दुकान में रखे किराना सामान एवं घर के बाहर खड़ा तीन पहिया ठेला के साथ ही नगदी चोरी अज्ञात व्यक्ति द्वारा करने की जानकारी पुलिस को दी थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 457, 380 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक रुपेश नारंग द्वारा मामले की जांच विवेचना कर आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बौरीपारा महादेव गली में रहने वाले प्रीतम सिन्हा के घर के बाहर चोरी गया ठेला खड़ा है। पुलिस जब मौके पर पहुंच युवक को हिरासत में ली तो उसने पूछताछ के दौरान किराना सामान चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपित के घर से करीब 10 हजार 395 रुपये का किराना सामान जप्त किया है। हालांकि प्रार्थी ने लगभग 34 हजार 500 रुपये चोरी होने की जानकारी भी दी है, लेकिन उसके पास से नगद रकम बरामद करने में पुलिस सफल नहीं हुई। आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया हैं। वह पूर्व में चोरी के दो प्रकरणों में जेल जा चुका है, जिस पर पृथक से 110 की  इश्तगासा कायम कर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेश नारंग के साथ उप निरीक्षक राम नगीना यादव, आरक्षक लाल भवन पैकरा, शिव राजवाड़े, कुंदन सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: