रामानुजनगर। विकासखण्ड के गोवर्धन पर्वत दीया गढ़ धाम में आयोजित श्री मद्भागवत कथा का सोमवार को हवन पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। अयोध्या से आए कथाकार पं धरणीधर महाराज द्वारा सप्ताह भर संगीतमय कथा का श्रद्धालुओं को रसपान कराया गया। दीया गढ़ धाम में प्रतिदिन हजारों की संख्या में सनातनी लोगों ने कथा श्रवण किया। इस दौरान हर रोज गणमान्य जनों की ओर से महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।


व्यास पीठ से कथावाचक पं धरणीधर महाराज ने कहा कि श्री मद्भागवत महापुराण का हमेशा श्रवण करना चाहिए। सांसारिक जीवन की तमाम व्यस्तताओं के बीच जो समय हरिनाम संकीर्तन व सत्संग में व्यतीत होता है वह समय ही जीवन की सार्थकता है। गृहस्थ जीवन में परिवार पालन करते हुए जो मनुष्य समय का सदुपयोग कर सत्संग में शामिल होता है ऐसे मनुष्य का जीवन सदा सुखी रहता है। इस अवसर पर श्री महाराज ने युवाओं में बढ़ रहे नशे की प्रवृत्ति की ओर चिंता जताते हुए कहा कि नशा नाश का सबसे बड़ा कारण है नशे से हर प्रकार का नुक़सान होता है नशे के कारण न सिर्फ शारीरिक क्षति होता है बल्कि परिवारिक सामाजिक और आर्थिक नुकसान भी होता है। भारत एक युवा देश है परन्तु युवाओं में बढ़ती नशे की लत सभी के लिए गहरी चिंता का विषय है। उन्होंने नशे के दलदल में धंसने से पहले ही समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परिवार समाज समाजसेवी संस्थाओं के साथ हमारी सरकारों को भी नशे के विरुद्ध एक अभियान छेड़ना पड़ेगा वरना भविष्य में नशा के कारण हमारा देश हर क्षेत्र में पिछड़ता चला जाएगा। कथा के अंतिम दिन कांग्रेस नेता महेंद्र साहू ने भी कथा श्रवण कर महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र के सुख समृद्धि सद्भावना की कामना की। वहीं मां शारदा बोल बम सेवा समिति की ओर विशाल भंडारे का आयोजन कर महाप्रसाद का वितरण किया गया।

Categorized in: