कोण्डागांव । लोकसभा निर्वाचन 2024 के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से संपादित कराने हेतु निर्वाचन आयोग एवं कलेक्टर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले में लगातार उड़नदस्ता निगरानी दलों एवं स्थैतिक निगरानी दलों द्वारा निर्वाचन को प्रभावित करने वाली समाग्रियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिसके तहत रविवार शाम उड़नदस्ता दल द्वारा एसडीएम केशकाल अंकित चैहान के मार्गदर्शन में जिले की सीमा पर स्थित दादरगढ़ में वाहनों की जांच की गयी।

जांच के दौरान टोयोटा हाईराईडर वाहन क्रमांक सीजी 06 जी 9363 की जांच के दौरान महासमुंद निवासी मोहित जैन एवं रायपुर निवासी मनीष जैन के पास से नगद 01 लाख 63 हजार 500 रुपए बरामद किये गये। इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ पर उनके द्वारा नगद के संबंध में कोई दस्तावेज पेश नहीं किया गया। जिसके आधार पर उड़नदस्ता दल प्रभारी कमाल अहमद एवं पुलिस प्रभारी मेहकराम मण्डावी द्वारा प्राप्त नगद राशि को जप्त करते हुए गवाहों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। इसके साथ ही जप्त नगद राशि को जिला स्तरीय समिति को प्रेषित कर दिया गया है।

Categorized in: