रायपुर – राजधानी रायपुर के दलदल सिवनी गैंगवार मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभी कुछ और फरार आरोपी की पतासाजी की जा रही है। इनके विरुद्ध थाना पंडरी में धारा 148, 149, 302 भादवि.25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध दर्ज किया गया है। इन आरोपियों ने सोमवार रात पुरानी रंजिश पर गोकुल निषाद व जीतू की चाकू मारकर हत्या की थी।
इस घटना और इन लड़कों की गुंडई से नाराज मोहल्ले वालों ने पहले पंडरी मोवा थाने और फिर कलेक्टोरेट जाकर प्रदर्शन किया। मोहल्लावासी बस्ती में चौकी खोलने की मांग कर रहे थे। इनके साथ पार्षद सुशीला धीवर भी शामिल थीं।
पुलिस ने मंगलवार देर शाम पूरे मामले की रिपोर्ट जारी की है। दलदल सिवनी बिजली ऑफिस के सामने रहने वाले झुरूराम निषाद ने इसकी रिपोर्ट कराई है। वह सोमवार रात अपने घर में था। करीबन 10:20 बजे शोरगुल सुनकर बाहर निकला वहां पर उपस्थित लोगों में किसी ने बोला कि गोकुलनंदन साहू और दीपक साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके पुत्र गोकुल निषाद और जीतू को चाकू मारकर घायल कर दिया है, जिन्हें इलाज के लिए अम्बेड़कर अस्पताल रायपुर ले गये हैं। अस्पताल जाकर देखा तो उसके पुत्र गोकुल निषाद के पेट, कमर व छाती में एवं जीतू के सीने व पसली के पास चोट लगी थीं। और दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। गोकुलनंदन साहू, दीपक साहू उनके अन्य साथियों ने मिलकर एक राय होकर प्रार्थी के पुत्र गोकुल निषाद व उसके साथी जीतू की चाकू मारकर हत्या की। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने पतासाजी करते हुए आरोपियों के छिपने के हर संभावित स्थानों में लगातार रेड किया। अंततः तड़के 5 आरोपियों को पकड़ कर पूछताछ में सभी ने पुरानी रंजिश पर गोकुल निषाद व जीतू की हत्या करना बताया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चाकू जब्त कर लिया गया।
त्रिशाल दुबे उर्फ प्रिंस दुबे (26 साल), धनेन्द्र साहू (24 साल),पारसमणी साहू उर्फ बोडा (22 साल), नागेश उर्फ लक्की गोस्वामी (19 साल) सभी एकता चौक दलदल सिवनी, और दीपक साहू (20 साल) शासकीय स्कुल के पास डबरा गली दलदल सिवनी निवासी है। एक आरोपी गोकुल नंदन साहू (19 साल) निवासी एकता चौक पटेल किराना स्टोर के पास दलदल सिवनी घटना के दौरान घायल हो गया था, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। उसका स्वास्थ्य ठीक होने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।

Categorized in: