अंबिकापुर । देर रात तेज गति से मोटरसाइकिल चलाने के शौक से दो युवकों की जान चली गई। तेज गति की मोटरसाइकिल सीधे रिंग रोड पर स्थित सद्भावना चौक के चबूतरे से टकरा गई। मोटरसाइकिल में सवार तीसरा युवक घायल हो गया। तीनों शहर में किराए के मकान में रहकर चौपाटी स्थित एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान में कार्य करते थे। मध्यरात्रि के बाद हुए इस दुर्घटना की तस्वीर सरगुजा पुलिस द्वारा लगाए गए सीसी कैमरे में भी साफ नजर आ रही है।तेज गति ही दुर्घटना का कारण बनी। 

पुलिस के अनुसार लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम उदारी निवासी अखिलेश उरांव ( 27), वाराणसी के मणिकर्णिका चौक निवासी रतन शर्मा उर्फ दप्पू (30) तथा नेपाल निवासी मनीष थापा( 26) अंबिकापुर के सत्तीपारा में किराए के मकान में रहते थे। 

तीनों शहर के चौपाटी स्थित एक दुकान में कार्य करते थे।तीनों के बीच गहरी दोस्ती थी।

रात को काम खत्म करने के बाद अक्सर तीनों मोटरसाइकिल से घूमने निकलते थे।शनिवार को भी तीनों काम के लिए दुकान गए।वहां से काम पूरा कर किराए के मकान में भी गए थे।

आधी रात के बाद तीनों मोटरसाइकिल से शहर में घूमने निकले थे। तीनों महामाया रोड पर तेजी से मोटरसाइकिल चला रहे थे। रिंग रोड स्थित महामाया प्रवेश द्वार के पास सद्भावना चौक के पास पहुंचे तो तेज गति की मोटरसाइकिल चौक के गोल। चबूतरे से जा टकराई।

गति तेज होने के कारण तीनों छिंटक कर सीमेंट-कांक्रीट की रिंग रोड पर उछल कर गिरे। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने के कारण अखिलेश उरांव व रतन शर्मा उर्फ दप्पू की मौके पर ही मौत हो गई थी।मनीष थापा गंभीर रूप से घायल हो गया था।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पहुंच तीनों को मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया यहां अखिलेश व रतन को जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सड़क दुर्घटना की यह तस्वीर सीसी कैमरे में भी नजर आ रही है। स्पष्ट दिख रहा है सुनसान सड़क पर हवा से बातें करती एक मोटरसाइकिल पल भर में चौक के चबूतरे से टकराती है। उसमें सवार लोग उछल कर सड़क पर गिर जाते है।यह सब कुछ पांच से दस सेकंड के बीच हुआ है।चबूतरे के किनारे हिस्से में मोटरसाइकिल टकराई थी।तेज गति के कारण चालक का नियंत्रण हट गया था।

पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक कर रही है।दोपहिया में तीन सवारी नहीं बैठने तथा हेलमेट का उपयोग करने की सीख दे रही है लेकिन दुर्भाग्य है कि लोग इन नियमों का पालन करने सजग नहीं हो रहे हैं।शनिवार रात हुई घटना में तीनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।

Categorized in: