मुंगेली – मुंगेली जिले में नदी में डूबने से दो बच्चे व एक महिला की मौत हो गई। दोनों मृत बच्चे चचेरे भाई-बहन थे। वहीं पड़ोस की बताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में मातम पसर गया है। मामला लोरमी थाना के रबेली गांव का है।

जानकारी के अनुसार, रबेली गांव में प्रेमचंद कश्यप, संतोष कश्यप और ताराचंद कश्यप इन तीन भाइयों का परिवार रहता है। बुधवार को प्रेमचंद का 8 साल का बेटा अक्षय और ताराचंद की बेटी आराध्या (8 वर्ष) दोनों नहाने के लिए मनियारी नदी में गए थे। नदी में चेक डैम के पास नहाते वक्त बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। दोनों बच्चे तीसरी कक्षा में पढ़ाई करते थे।

नदी में ही पड़ोस की महिला शकुंतला कश्यप भी नहा रही थी। दोनों बच्चों को डूबता देखकर शकुंतला ने उन्हें बचाने के लिए गहरे पानी में गोता लगाया, लेकिन वो भी ऊपर नहीं आ सकी। गहराई का अंदाजा नहीं होने के चलते महिला भी गहरे पानी में डूब गई। जिस महिला शकुंतला कश्यप की मौत हुई है, उसके खुद भी तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

Categorized in: