बिश्रामपुर। पत्नी व बच्ची के साथ रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार को ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी व मासूम बच्ची को गंभीर चोट आई है। घायल मां बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। बीती रात साढ़े 7 बजे लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरता निवासी 32 वर्षीय मनोज कुमार साहू पिता रामप्रसाद साहू अपनी पत्नी 26 वर्षीय रीता साहू व 7 वर्षीय पुत्री संतोषी साहू उर्फ अनन्या के साथ बजाज प्लेटिना बाइक क्रमांक सीजी 15 सीपी 4784 में ग्राम पंचायत शिवनन्दनपुर में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। तभी जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जमदेई के समीप विपरीत दिशा से जा रहे सोल्ड ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बाइक चालक मनोज कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक सवार पत्नी रीता साहू व बच्ची अनन्या साहू को गंभीर चोट आई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल मां बेटी को अंबिकापुर रेफर कर दिए। बताया जा रहा है कि स्थिति गंभीर होने पर घायलों को अंबिकापुर से रायपुर रेफर कर दिया गया है। जयनगर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304 ए के तहत जुर्मदर्ज कर ट्रैक्टर को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दिया है। 

Categorized in: