भिलाई। शनिवार को एक युवक ने तीन दर्शन के सामने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर जीआरपी के साथ ही छावनी और भट्ठी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन हादसा बीच की पटरी पर हुआ था। इसलिए छावनी और भट्ठी थाना के बीच सीमा को लेकर विवाद शुरू हो गया।

करीब ढाई घंटे बाद भट्ठी पुलिस ने शव को इस तर्क पर उठाया कि शव भट्ठी थाना क्षेत्र की ओर की पटरी से सटकर पड़ा था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार कैंप-1 वृंदा नगर निवासी चंदन राय (27) युवक ने शनिवार की सुबह करीब 10 बजे ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। वो भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक के रूप में काम करता था। सुबह वो काम से लौटा था और टाउनशिप की तरफ अपनी साइकिल खड़ी करने के बाद ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। स्वजनों और परिचितों ने पुलिस को बताया कि आत्महत्या करने के पहले उसने अपने घरवालों और कुछ दोस्तों को फोन भी किया था। फोन पर उसने बताया था कि वो पटरी के पास है। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।

घटना का स्पष्ट कारण तो पता नहीं चल सका है, लेकिन उसके परिचितों ने पुलिस को जानकारी दी है कि वो किसी लड़की से प्रेम करता था और इसी के चलते उसने आत्महत्या की है।

इस घटना के बाद भट्ठी और छावनी पुलिस के बीच सीमा क्षेत्र को लेकर ढाई घंटे तक ड्रामा चला। छावनी पुलिस का तर्क था कि यदि यह घटना रायपुर की ओर जाने वाली पटरी पर हुई होती तो वे जांच करते।

वहीं भट्ठी पुलिस का कहना था कि यदि लाश दुर्ग जाने वाली पटरी पर होती तो वे जांच करते, लेकिन लाश दोनों पटरी के बीच वाली ट्रैक पर थी। इसके बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि लाश भट्ठी थाना क्षेत्र की तरफ की पटरी से सटकर पड़ी है। इसलिए भट्ठी पुलिस इसकी जांच करेगी। इसके बाद भट्ठी थाना के पुलिस कर्मियों ने पटरी से लाश को उठाया और पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवाया।

Categorized in: