रांची: डायन-बिसाही के आरोप में रांची जिला के तमाड़ व खूंटी के मारंगहादा में अलग-अलग दो महिलाओं की हत्या कर दी गयी़ तमाड़ के बारेडीह गांव में आरोपी जयदेव स्वांसी ने अपनी बड़ी मां सरला देवी (55 वर्ष) की लाठी से पीट कर हत्या कर दी. घटना मंगलवार सुबह सात बजे की है. दो घंटे के अंदर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

जबकि खूंटी के मारंगहादा में देवर जोगननाग ने भाभी नउरी नाग (48 वर्ष) की हत्या कर दी और फरार हो गया़ जोगन कुछ दिन पहले बीमार पड़ा था. इसका जिम्मेदार वह अपनी भाभी को मानता था. इस कारण उसने मंगलवार को अपनी भाभी की डंडे से मार कर हत्या कर दी.

आरोपी बोला :
बड़ी मां सपने में आकर गला दबाती थी -तमाड़ के बारेडीह गांव में पूर्ण स्वांसी की पत्नी सरला देवी (50 वर्ष) की दो भतीजों जयदेव स्वांसी, जगरनाथ स्वांसी व देवर शिवेश्वर स्वांसी ने लाठी से मारकर हत्या कर दी़ ग्रामीण एसपी नौशाद आलम व बुंडू एसडीपीओ अजय सिंह को आरोपी जयदेश स्वांसी ने बताया कि दो साल से उनका परिवार बड़ी मां सरला देवी से परेशान था.

वह सपने में आती थी और मेरा गला दबाती थी. इस कारण मैं हमेशा बीमार रहता था. परेशान होकर हमलोगों ने ओझा से बात की, तो ओझा ने कहा कि तुम्हारी बड़ी मां ने पूरे परिवार पर डायन-बिसाही कर दी है़ इसलिए उसकी हत्या कर दी़ पुलिस अन्य आरोपी भतीजा जगरनाथ व देवर शिवेश्वर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

Categorized in: