0 कलेक्टर का निर्देश-अधिक उम्र के कोविड मरीजो को अस्पताल में तत्काल करें भर्ती 


चंचलेश श्रीवास्तव – सूरजपुर – ज़िले में कोरोना संक्रमण की स्थिति बेकाबू होती जा रही है। दिन प्रतिदिन जहां संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है तो मौत के आंकड़े भी चिंताजनक है। पिछले एक सप्ताह में जहां कोरोना संक्रमित मरीजो का आंकड़ा जिले में करीब 2 हजार तक पहुंच गया है। वहीं सप्ताह भर में 14 लोगो की संक्रमण से मौत हो चुकी है। मतलब इस एक सप्ताह में प्रतिदिन दो व्यक्ति की जान गई है।  शनिवार को कलेक्टर रणबीर शर्मा ने चिकित्सा विभाग से मौत के आंकड़ों की जानकारी ली। जिस पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछले एक सप्ताह में 14 मौत अलग-अलग संस्थान में होने की  जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मृत्यु के अलग-अलग कारण का रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया गया। जिस पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने चिंता जाहिर करते हुए मरीजों का समय पर जांच करने कहा है और संक्रमण की स्थिति को देखते हुए समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के कोविड पाॅजिटिव मरीज को तत्काल अस्पताल में भर्ती करने कहा गया है। 
0 टीकाकरण में लाएं तेजी 
कलेक्टर ने डिस्ट्रीक्ट टास्क फोर्स की भी बैठक ली तथा बैठक में सभी स्वास्थ्य केन्द्र में टीकाकरण की व्यवस्था, वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से टीकाकरण के संबंध में निरंतर निगरानी रख कर कोविड-19 के प्रोटोकाॅल के नियमों का पालन करते हुए अधिक से अधिक लोगों का टीका लगाने कहा है। इस दौरान सीएमएचओ डाॅ. आरएस सिंह, डिप्टी कलेक्टर  वहीदुरर्रहमान शाह, डाॅ. अजय मरकाम, डाॅ. जसवंत कुमार दास, डाॅ. अनिता पैकरा उपस्थित थे।  
0आक्सीजन के व्यावसायिक प्रयोजन पर प्रतिबंध
 कलेक्टर रणबीर शर्मा ने विद्या गैस इण्डस्ट्री नयनपुर में उत्पादित ऑक्सीजन के वितरण व विक्रय किसी भी औद्योगिक इकाई, व्यवसाई प्रयोजन के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित किया है। जिले में कोविड-19 संक्रमण के नियंत्रण एवं प्रभावी रोकथाम हेतु संचालित चिकित्सालयों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु उक्त आदेश जारी किया गया है।आदेश की अवहेलना किये जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 एवं महामारी नियंत्रण अधिनियम 1897 की धारा 03 तथा अन्य सुसंगत विधि अनुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिए इण्डस्ट्री प्रबंधक स्वयं जिम्मेदार होगा।

Categorized in: