बलरामपुर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने विकासखंड वाड्रफनगर के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सुलसुली, मुरकोल में मनरेगा अंतर्गत निर्माणाधीन चेक डैम, आंगनबाड़ी भवन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान श्रीमती तोमर ने जनसहभागिता से निर्मित की जा रही 5 प्रतिशत मॉडल जल संरक्षण संरचना में श्रमदान कर ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के ऐसे प्रयास न केवल भू-जल स्तर को बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि भविष्य की जल आवश्यकताओं को भी सुरक्षित करते हैं।

शिक्षा व्यवस्था का अवलोकन करते हुए उन्होंने सुलसुली स्थित हाई स्कूल, माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों तथा मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिये।

ग्राम पंचायत जमई में उन्होंने बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित गैर-कृषि उद्यमों का अवलोकन किया। हार्डवेयर दुकान एवं आटा चक्की जैसे स्वरोजगार आधारित प्रयासों की सराहना करते हुए महिलाओं से आयवर्धन के नए अवसरों और व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए विविध आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

तत्पश्चात उन्होंने जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सभा कक्ष में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सरपंचों, सचिवों एवं रोजगार सहायकों को 30 जून तक सभी लंबित आवास एवं मनरेगा कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही 19 जून को अभियान के रूप में 5 प्रतिशत मॉडल संरचनाओं के निर्माण में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

चौपाल के माध्यम से सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र, आवास हितग्राही एवं बिहान कैडरों के साथ प्रधानमंत्री आवास निर्माण, जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन तथा अन्य विकासात्मक विषयों पर संवाद किया गया। इस अवसर पर एक किसान के खेत में विकसित की जा रही 5 प्रतिशत मॉडल संरचना में श्रमदान कर उन्होंने जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया तथा ग्रामीणों से मोर गांव मोर पानी अंतर्गत जल संरक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
इस दौरान जनपद सीईओ श्री निजाम सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: