ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज जिला जेल में हत्या के आरोप में 42 वर्षीय विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विष्णु कुमरिया उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई है, जो पस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सीतारामपुर पाट में 15 नवंबर 2023 को हुए हत्या प्रकरण में आरोपी था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम विष्णु कुमरिया ने पेट दर्द एवं दस्त की शिकायत की, जिसके बाद उसे उपचार के लिए 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज में भर्ती कराया गया। शाम लगभग 6 बजे से रात 9 बजे तक चिकित्सकीय देखरेख में रखने के बाद उसे पुनः जिला जेल वापस लाया गया।
शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे कैदी की तबीयत पुनः बिगड़ने की सूचना जेल प्रशासन को मिली। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुबह लगभग 10 बजे चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने बताया कि आवश्यक परीक्षण के बाद निर्धारित समय पर मृत्यु की पुष्टि की गई।
जेलर वाल्मीकि ध्रुव के अनुसार कैदी को लगातार पेट दर्द एवं दस्त की शिकायत बनी हुई थी। शनिवार सुबह स्वास्थ्य बिगड़ने की जानकारी मिलते ही उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है

Categorized in: