नई दिल्ली- रात के समय करीब दो घंटे तक शराब के नशे में धुत कार चालक युवती के शव को घसीटते रहे और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। लोगों ने पुलिस को काल भी किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की। यह घटना पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़े कर रही है।

जागरण टीम ने सोमवार रात को अवंतिका चौक से लेकर कुतुबगढ़ गांव तक निरीक्षण किया तो पाया कि करीब 18 किलोमीटर लंबे इस रोड पर कोई भी पुलिस कर्मी तैनात नहीं था। न ही किसी वाहन की जांच की जा रही थी और न ही कहीं पर बैरिकेड लगाकर लोगों से पूछताछ की जा रही थी।

शराब के नशे में धुत लोग सड़कों पर घूम रहे थे। उनसे कोई पूछने वाला नहीं था कि आखिर वह क्यों सड़कों पर घूम रहे हैं। रास्ते में कुतुबगढ़ से कराला गांव की ओर जाते समय कंझावला चौक पर पुलिस कर्मी थे लेकिन वह भी पिकेट को लावारिस छोड़कर चौकी में आराम कर रहे थे।

रात के समय सड़कों से पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी से ही इलाके में अपराध का ग्राफ बढ़ता है। इसी लापरवाही का नतीजा लोगों को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ रहा है।
दहशत में दूध विक्रेता
हर रोज सुबह तड़के सबसे पहले दुधिया, किसान व साफ सफाई का काम करने वाले लोग ग्रामीण इलाके में घरों से बाहर निकलते हैं। ऐसे में हरियाणा से काफी ऐसे दुधिया आते हैं जो दिल्ली में दूध की आपूर्ति करते हैं। इस तरह की वारदात के बाद से दुधिया व किसानों में डर का माहौल है। हरियाणा से दूध लेक दिल्ली आने वाले दुधिया ने बताया कि दिल्ली के किसी भी बार्डर पर लोगों की जांच नहीं की जाती है। जिसका मन चाहे वह दिल्ली में घुस सकता है।

चर्चा हर जगह, बताने को नहीं था कोई तैयार
सुल्तानपुरी थाने के मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी, बुध विहार, कृष्ण विहार इलाके में दुर्घटना की चर्चा तो पूरी रही, लेकिन बताने को कोई तैयार नहीं हुआ।कृष्ण विहार के लोगों का कहना था कि इलाके में पहले भी कई वारदात हो चुकी है।पुलिस कर्मी ध्यान नहीं देते।इसी का नतीजा है।बीते वर्ष कई बार कारों के पहिये चोरी कर लिए गए।

पुलिस मौन, ग्रामीण आक्रोशित
कंझावला, लाड़पुर, जौन्ती आदि गांवों के ग्रामीण इस दर्दनाक घटना को लेकर काफी आक्रोशित हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ समय से न ही इलाके में गश्त की जा रही हैं और न ही अपराध का ग्राफ घटाया जा रहा है।ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस व सरकारी प्रशासन तो बाद में न्याय करता उससे पहले ही आरोपी बचते नहीं।

कई बार किया काल, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
चश्मदीदों का आरोप है कि उन्होंने कई बार काल किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।एक चश्मदीद ने बताया कि वह शनिवार रात को साढ़े तीन बजे से लेकर रविवार सुबह पांच बजे तक फोन करते रहे।लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।प्राथमिकी में भी इस बात का जिक्र किया गया है कि एक बार सुल्तानपुरी थाने के पुलिसकर्मियों व तीन बार कंझावला थाने के पुलिसकर्मी को काल किया गया था।

थाने के बाहर अर्द्ध सैनिक बल के जवान तैनात
सुल्तानपुरी इलाके व थाना के बाहर सोमवार को लोगों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दूसरे थानों से पुलिस कर्मियों व अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों को भी बुलाया गया था।लोगों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए थे।इसके अलावा सुल्तानपुरी से लेकर जौन्ती तक के रास्ते के बीच की कई सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है।

कंझावला मर्डर के में एक नया मोड़, अंजलि के साथ स्कूटी पर थी एक और लड़की एक्सीडेंट के वक्त अंजलि के साथ स्कूटी पर थी एक और लड़की, घटना के बाद मौके से भागी
यूट्यूबर हिरासत में
पुलिस ने बिना पुष्टि के सुल्तानपुरी मामले को गलत तरीके से ट्वीट पर प्रसारित करने के आरोप में एक यूट्यूबर को भी हिरासत में लिया है।ट्वीट में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या करने की बात कही गई थी।बाद में इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया था।

Categorized in: