अंबिकापुर। मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के अनुसार बुधवार को दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट बदला। पिछले कई दिनों से अंबिकापुर का तापमान करीब 41.4 डिग्री तक पहुंच चुका था, लोग चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान थे। शहर की सड़कों में सन्नाटे की स्थिति बन गई थी। इसी बीच बुधवार को दोपहर बाद आसमान में बादल छाए व बादलों की गडग़ड़ाहट व तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग ने पूर्व में ही संभावना व्यक्त की थी कि 12 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता व बंगाल की खाड़ी में हलचल के कारण द्रोणिका और चक्रीय चक्रवातों से नम हवाएं मध्य भारत की ओर विक्षेपित होने से छत्तीसगढ़ सहित अंबिकापुर के आसमान में बादल व बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार की सुबह से ही चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान कर रखा था। पंखे, कूलर तक साथ देने की स्थिति में नहीं थे। इसी बीच दोपहर के बाद मौसम ने करवट बदला और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली। इस दौरान तापमान में दो डिग्री का गिरावट दर्ज किया गया। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान पिछले कई दिनों से करीब 41.4 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट का कहना है कि गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है, इससे तपती धूप से अभी राहत मिलेगी।
दो घंटे गुल रही बिजली-
अंबिकापुर में हुई हल्की आंधी-पानी ने बिजली विभाग की पोल खोलकर रख दिया। शहर सहित आस-पास के क्षेत्रों में दो घंटे तक बिजली गुल रही। हवा चलने के कारण नमनाकला पावर हाउस में तकनीकी खराबी आई और बिजली गुल की स्थिति बन गई। गनीमत है कि हल्की बारिश और हवा के कारण इस दौरान लोगों को गर्मी से बेचैनी का एहसास नहीं हुआ

Categorized in: