अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के चलगली थाना अंतर्गत ग्राम मानपुर में रहने वाले शिक्षक रविंद्र प्रसाद गुप्ता के घर में घुसे नकाबपोशों ने हथियार के दम पर लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने पर चलगली पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन कर रही है।
बुधवार की रात शिक्षक रविंद्र प्रसाद गुप्ता अपनी पत्नी छोटे पुत्र और बहू के साथ थे। रात लगभग 10 बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला दो नकाबपोश घर में भीतर प्रवेश कर गए। शिक्षक कुछ समझ पाते दस्तक देने वाले बंदूक अड़ा दिए। इस दौरान कुछ और नकाबपोश घर के भीतर घुस गए। इन्होंने मार देने की धमकी देते हुए आलमारी की चाबी मांगी। चाबी हाथ लगते ही आरोपियों ने आलमारी खंगाली और नकदी, जेवरात तथा मोबाइल लूट लिए। जाते समय नकाबपोशों ने धमकी दी कि किसी को सूचना दी तो अंजाम बुरा होगा। सुबह शिक्षक ने वाड्रफनगर में रहने वाले अपने बड़े बेटे के अलावा पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चलगली थाना प्रभारी सुनील तिवारी के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में लग गई है। आरोपितों द्वारा सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटे जाने की जानकारी पीड़ित परिवार के सदस्यों ने दी है। वाड्रफनगर एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस टीम जांच में लग गई है। शिक्षक के घर में 10-12 लोग घुसे थे, जो नकाब बांधकर बंदूक से लैस थे।

Categorized in: