अम्बिकापुर – कलेक्टर संजीव कुमार झा ने शुक्रवार को एजुकेशन हब घंघरी स्थित पहाड़ी कोरोवा छात्रावास में तैयार कोविड़ सेन्टर का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और बेहतर सुविधा एवं व्यवस्था के लिए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कोविड सेन्टर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु तत्काल उच्च क्षमता का जनरेटर स्थापित करने हेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियो को निर्देशित किया वहीं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु आरओ मशीन स्थापित करने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।


कलेक्टर ने कोविड़ सेन्टर के वार्डों का निरीक्षण करते हुए पानी, बिजली, शौचालय, भोजन व्यवस्था तथा साफ-सफाई के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपा। उन्होंने भोजन तथा साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपते हुए गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था तथा साफ-सफाई में किसी प्रकार की कमी न हो इस बात का ध्यान रखने निर्देशित किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कोविड़ सेन्टर तक के पहुंचमार्ग को सुधार कर आवागमन हेतु सुगम बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस सिसोदिया ने बताया कि 100 बेड का नवीन कोविड सेन्टर घंघरी में तैयार हो गया है। चिकित्सकों एवं अन्य मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगा दी गई है। नगर निगम द्वारा भोजन की व्यवस्था किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घंघरी कोविड सेन्टर में लक्षण रहित मरीजों की भर्ती कर ईलाज किया जाएगा।

निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों का होगा ईलाज

राज्य में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या में बढोत्तरी को देखते हुए राज्य के निजी चिकित्सालयों को ईलाज करने की अनुमति दी गई है। इसी क्रम में अम्बिकापुर के जीवन ज्योति अस्पताल में कोरोना से संक्रमित मरीजों को भर्ती कर ईलाज प्रदान करने की अनुमति दी गई है। ईलाज में दौरान होने वाले सम्पूर्ण खर्च का वहन मरीज स्वयं करेंगे।
इस सम्बध में संचालक स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा आदेश का जारी किया गया। ओदश में कहा गया है कि निजी चिकित्सालयों को कोरोना मरीज के ईलाज हेतु छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा आईसीएमआर के गाइडलाइन के अनुसार मरीजों का इलाज किया जाएगा। चिकित्सालय में संक्रमित मरीज की भर्ती तथा डिस्चार्ज से संबंधित सारी जानकारी आईडीएसपी राज्य कार्यालय तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रेषित करना अनिवार्य होगा। नियमों का पालन नही करने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

जिले में शनिवार को 33 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले

जिला सर्विलेंस अधिकारी ने बताया है कि सरगुजा जिले में 22 अगस्त शाम 5ः35 बजे तक 33 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है। इनमे अम्बिकापुर के मायापुर, मानिकप्रकाशपुर, पुलिस लाईन, खरसिया नाका, अग्रसेन वार्ड, पटेलपारा, मोमिनपुरा, सरगवां तथा कोटेया के एक-एक मरीज, देवीगंज रोड, फिरदौसी अस्पताल तथा सोनपुरकला में दो-दो मरीज, बिशुनपुर क्वारेंटाईन सेन्टर के 3 मरीज, फुन्दरडिहारी के 7 मरीज तथा सीतापुर के 8 मरीज शामिल हैं। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में 45 मरीज, साई हॉस्टल में 38 मरीज, एम्स रायपुर में 4 मरीज तथा मेकाहारा में 1 तथा अपोलो बिलासपुर में 2 मरीज भर्ती है। आज 176 संदिग्धों का आरटीपीसीआर जांच हेतु सैम्पल लिया गया हैं।

Categorized in: