वेद प्रकाश मिश्रा

बिश्रामपुर। संसदीय सचिव एवं क्षेत्रीय विधायक पारसनाथ राजवाड़े द्वारा आज सलका में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय का शुभारंभ किया गया। संसदीय सचिव व विधायक श्री राजवाड़े ने अपने उदबोधन में कहा कि सलका क्षेत्र के विद्युत संबंधी समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया था, जिस पर आमजन की उक्त गंभीर समस्या की ओर ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री द्वारा भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलका में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय खोलने का स्वीकृति प्रदान किया गया है। जिसका शुभारंभ सोमवार को किया जा गया। नए वितरण केन्द्र सलका का शुभारंभ होने से विद्युत व्यवस्था का संचालन सुचारू रूप से होगा, इससे 32 ग्रामों के लगभग 8800 उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने में मदद मिलेगी। निर्बाध विद्युत संचालन के लिए 4 नए कर्मचारी के साथ 1 पिकअप वाहन हमेशा तत्पर रहेंगे। विद्युत बिल से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए कनिष्ठ यंत्री एवं डाटा एन्ट्री ऑपरेटर कार्यालयीन समय में मौजूद रहेंगे। विद्युत देयक राशि का भुगतान करने के लिए ग्राम सलका- कोटया के उपभोक्ताओं को 20 से 25 किलोमीटर की दूरी तय कर भटगांव वितरण केन्द्र जाना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नए विद्युत वितरण केन्द्र के शुभारंभ से उन्हें कम दूरी तय करनी पड़ेगी। जिससे उपभोक्ताओं को विद्युत की समस्या से राहत मिलेगी। उपभोक्ताओं के फ्यूज काल से संबंधित शिकायतों के निराकरण में कर्मचारियों की कमी से होने वाली असुविधा से भी राहत मिलेगी।

Categorized in: