जिपं. उपाध्यक्ष ने की थी शिकायत
सूरजपुर। जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में वितरित किए जाने वाले मध्यान्ह भोजन सामग्री के गुणवत्ता विहिन होने की शिकायत कलेक्टर से करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की गई है और यह मांग कोई और नही बल्कि जिला पंचायत के उपाध्यक्ष नरेश राजवाडे ने की है। श्री राजवाडे की शिकायत के बाद कलेक्टर ने फिलहाल मध्यान्ह भोजन सामग्री वितरण पर रोक लगा दी है। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष नरेश राजवाडे ने कलेक्टर को दिए पत्र में कहा है कि जिले के विभिन्न प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना अन्तर्गत ग्रीष्मावकास में 45 दिवस हेतु सुखा राशन जिसमें दाल, खाद्य तेल, सोयाबीन बडी, आचार एवं नमक केन्द्रीय भण्डार रायपुर द्वारा स्कूलो में वितरण के लिए सामग्री उपलब्ध कराई गई है जो बेहद घटिया स्तर का है। उन्होने बताया है कि कई स्कूलो में उन्होने निरीक्षण किया तो जहां दाल, खाद्य तेल, सोयाबीन बड़ी, आचार आदि निम्नस्तर के पाए गए। उन्होने आरोप लगाया है कि शासन द्वारा प्रदाय की गई राशि के मुकाबले राशन की किट न देकर गड़बड़ी की गई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने उक्त गुणवत्ताविहिन सामग्री के वितरण पर रोक लगाते हुए गुणवत्ता युक्त राशन सामग्री बाजार कीमत पर मुल्यांकन करा कर वितरण कराए जाने की मांग की है। श्री राजवाडे ने बताया कि उक्त पत्र के बाद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने उक्त सामग्री वितरण पर रोक लगाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दे दिए है।

Categorized in: