प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पहले दिन मनेंद्रगढ़ शहर में निकाली गई ऐतिहासिक भव्य कलश यात्रा

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ शहर में नवनिर्मित भव्य श्याम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ शनिवार से भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हो गया । शहर में पहली बार इस तरह की बाजे गाजे भजन कीर्तन व आतिशबाजी के साथ भव्य ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई । कलश यात्रा में राधा, कृष्ण एवं बजरंगबली का किरदार निभाने वाले बाहर से आए कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे । पूरा शहर जय श्री श्याम के नारों से गुंजायमान हो रहा था । कलश यात्रा श्रीराम मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात निकाली गई जो श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होकर शहर का भ्रमण करते हुए खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई । कलश यात्रा का जगह जगह विभिन्न धर्मों व समाज के लोगों के द्वारा स्वागत किया गया । मनेंद्रगढ़ शहर में श्याम भक्तों के अथक प्रयास व सहयोग से श्याम बाबा का भव्य मंदिर बनाया गया है जिसमें राजस्थान खाटू धाम से लाई गई श्याम बाबा की छवि की प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा । जिसका पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह आज शनिवार से भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हो गया । इस दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर में पूजा अर्चना व श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा । आयोजन के अगले दिन 30 अप्रैल एवं 1 मई 2023 को श्री श्याम ज्योति पाठ एवं मंगल पाठ का आयोजन श्याम मंदिर परिसर में होगा । इसी कड़ी में 2 मई 2023 को पूजा अर्चना के बाद दोपहर 3 बजे से राजस्थान भवन से निशान यात्रा प्रारंभ होगी जिसका समापन श्री श्याम मंदिर परिसर में होगा । आयोजन के अंतिम दिन प्रमुख कार्यक्रम 3 मई 2023 को दोपहर 12:30 बजे से श्याम मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम बाबा जी, दादी राणी सती जी एवं सालासर बालाजी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी उसके पश्चात दोपहर 2 बजे से भंडारे का आयोजन होगा तथा रात्रि 8 बजे से बाहर से आए कलाकारों द्वारा सुमधुर आवाज में भजन संध्या का आयोजन होगा।

Categorized in: