अंबिकापुर. सरगुजा संभाग में एक ओर कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं तो वहीं राहत भरी खबर भी सामने आ रही है। लगातार संक्रमित मरीजों को स्वस्थ्य होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती दो महिला सहित ९ कोरोना संक्रमितों को स्वस्थ्य होने पर छुट्टी दे दी गई है। इसमें २ सरगुजा, २ कोरिया व ५ बलरामपुर जिले के मरीज शामिल हैं। अब तक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में संभाग के ७६ कोरोना पॉजिटिव मरीज को भर्ती कराया जा चुका है। इसमें १७ लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। शेष ५९ लोगों का इलाज अभी जारी है।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में ४ दिन पूर्व कोरिया जिले से २० व बलरामपुर जिले से ६ मरीजों को भर्ती कराया गया था। इसके दूसरे दिन जशपुर से १५ मरीजों को भर्ती किए जाने से मेडिकल कॉलेज अस्पताल मे कोरोना संक्रमितों की सं या ६८ हो गई थी। इससे अस्पताल प्रशासन में हडक़ंप मच गया था। अस्पताल प्रशासन को इस बात की चिंता सता रही थी कि यदि और संक्रमित मरीज आते हैं तो उन्हें कहां भर्ती किया जाएगा। इसी बीच राहत भरी खबर सामने आनी लगी। गुरुवार को एक साथ संभाग के ९ संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने पर अस्पताल प्रशासन ने छुट्टी दे दी है। इसमें दो महिला भी शामिल हैं। एक महिला शहर के रसुलपुर व एक युवक मैनपाट का है। वहीं बलरामपुर जिले से एक महिला सहित ५ लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। कोरिया जिले के दो मरीजों को स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया है।

ताली बजाकर किया गया रवाना
संभाग के ९ कोरोना संक्रमित मरीजों को आखरी रिपोर्ट निगेटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा डिस्चार्ज कर दिया गया है। सभी मरीजों का उत्साह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने ताली बजाकर बढ़ाया। इस दौरान मरीजों ने स्वास्थ्य कर्मचारियों का अभिवादन अपना सिर झुकाकर किया।

होम क्वारेंटाइन में रहने की सलाह
कोरोना से जंग जीतने के बाद सभी को उनके जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस मंगवाकर मरीजों को रवाना किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने सभी स्वस्थ मरीजों को १४ दिनों तक होम क्वारेंटाइन में रहने की सलाह दी।

Categorized in: