कहा-29 बिंदुओं का निराकरण समिति करेगी
अंबिकापुर। कलेक्टर श्री संजीव कुमार व नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने गुरुवार को कोयला खनन प्रभावित ग्राम साल्ही के लोगों की समस्याएं सुनी। साल्ही के अमराई में लगे शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और अपनी समस्याओं से जिला व पुलिस प्रशासन के प्रमुखों को अवगत कराया। कलेक्टर ने खनन प्रभावितों के पुनर्वास सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए ग्राम स्तर पर समिति गठित करने और समिति के द्वारा प्रस्तवित सभी समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण कराने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने कहा कि विस्थापन के संबंध में पूर्व में पारित ग्रामसभा के 29 बिंदुओं का पालन नहीं किया गया है। इसके लिए सरपंच-सचिव सहित गांव के ही लोगों की समिति बनेगी। समस्याओं के साथ पूरे 29 बिंदुओं का निराकरण समिति करेगी। उन्होंने 10 लोगों की समिति बनाने कहा है, ताकि जिस भी बिंदु का पालन नहीं हुआ है, उसका निराकरण हो सके। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि जिन लोगों को खनन प्रभावित क्षेत्र के संबंध में जो भी जानकारी चाहिए, उसे दिलवाएं। उन्होंने कहा बैंक की समस्या को दूर करने के लिए बैंक सखी नियुक्त किए जाएंगे जो घर-घर जाकर बैंक संबधी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि साल्ही में जल्द एक गोठान व 10 बिस्तर का अस्पताल भवन निर्माण होगा। इसके साथ ही टिकरापारा साल्ही में आंगनबाड़ी में सहायिका की भर्ती की जाएगी। इस दौरान डीएफओ पंकज कमल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एसडीएम अनिकेत साहू, तहसीलदार सुभाष शुक्ला सहित अन्य अधिकारी और काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
किसी की जोर-जबरदस्ती से नहीं होगी गिरफ्तारी-
कलेक्टर ने कहा कि किसी की जोर-जबरदस्ती से गिरफ्तारी नहीं होगी। कंपनी में किसी को प्रवेश नहीं देने की समस्या का समाधान किया जाएगा। गलत एफआइआर दर्ज नहीं होगा। उन्होंने कहा कानून को अपने हाथ में न लें। कोई बात बतानी हो तो प्रशासन से कहें। प्रशासन आप लोगों का पूरा सहयोग करेगी।

Categorized in: