अंबिकापुर। शहर में सिलसिलेवार हो रही चोरियों की कड़ी में चोरों ने पुनः कोतवाली से लगे गुरुनानक चौक के पास स्थित कपड़ा व बर्तन दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर चांदी के सिक्के सहित लगभग ढाई लाख रुपये नकद पार कर दिया। पुलिस की नाक के नीचे हुई चोरी की वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों की भी नींद उड़ गई है। पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर में पुलिस व्यवस्था दुरुस्त करने की बात करने वाले पुलिस के आला अधिकारियों की यह बात चोरी की लगातार होती वारदातों के बाद गलत साबित हो रही है। शहर कोतवाली से महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर एक ही रात अज्ञात चोरों ने कपड़ा व बर्तन दुकान में धावा बोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कुंडला सिटी निवासी ओम प्रकाश तायल का मनीष ड्रेसेस नामक दुकान गुरुनानक चौक के पास स्थित है। बगल में ही बर्तन दुकान अनिल स्टोर्स है। दोनों दुकान में अज्ञात चोर रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात दुकान के पीछे लगे रोशनदान को तोड़कर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिय। मनीष ड्रेसेस से चोरों ने 40नग पूजा के उपयोग में आने वाले चांदी के सिक्के सहित दो लाख रुपये नकद पार कर दिया। अनिल स्टोर से चोर लगभग 25 हजार रुपये ले गए। आज सुबह संचालकों ने दुकान खोला तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरी का अंदेशा होने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद दुकान संचालकों की ओर से अपराध दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले और नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट डीएसपी किस्पोट्टा ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। चोरों की पतासाजी के लिए पुलिस ने स्निफर डॉग की भी मदद ली। गांधीनगर थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात हुई है। इसकी पुष्टि नगर पुलिस अधीक्षक ने की।

Categorized in: