कांग्रेसियों ने किया प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। केंद्र की मोदी सरकार आज अपने पूंजीपति मित्र अदानी को देश का पैसा लूटने में अहम सहयोग दे रही है । आज देश की दो प्रमुख संस्था एसबीआई और एलआईसी की गिरती हालत किसी से छिपी नहीं है । आम लोगों की जिंदगी भर की कमाई आज डूब रही है । ऐसे में हमेशा जनहित के मुद्दों पर बात करने वाली कांग्रेस पार्टी चुप कैसे रह सकती है । उक्त बातें सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरो ने कांग्रेस के एलआईसी कार्यालय का घेराव के दौरान कहीं । दरअसल अदानी ग्रुप कंपनी की कार्यशैली को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी व छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण मनेंद्रगढ़ के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एन एच में स्थित एलआईसी कार्यालय मनेंद्रगढ़ का घेराव किया । इस दौरान भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे । कांग्रेसियों ने दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक एलआईसी कार्यालय के प्रांगण में धरना प्रदर्शन कर मोदी एवं अदानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा एलआईसी कार्यालय के सामने प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन किया ।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद शेयर बाजार में पैसे डूबने की आशंका के चलते कांग्रेस ने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है । कांग्रेस पार्टी का कहना है कि अडाणी समूह पर स्टॉक मार्केट में हेराफेरी के गंभीर आरोप लगे हैं साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि अडाणी समूह की कंपनियों में एलआईसी और बैंकों का पैसा लगाया गया है । अडाणी समूह की हजारों करोड़ की सार्वजनिक राशि व खातों में घोटाले व गड़बड़ी की जांच कांग्रेस ने सयुंक्त संसदीय समिति या भारत के मुख्य न्यायधीश की निगरानी में कराने की मांग की है । इसी कड़ी में आज कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस ने एलआईसी कार्यालय मनेंद्रगढ़ के बाहर धरना-प्रदर्शन किया । कांग्रेसियों ने कहा है कि एलआईसी और एसबीआई दोनों का पैसा आज डूब रहा है । केंद्र में मोदी सरकार अपने हर वादे से पूरी तरह फेल नजर आ रही है । मोदी सरकार का यह अमृत काल नहीं बल्कि मित्र काल चल रहा है । देश के करोड़ों गरीबों का पैसा डूब रहा है । मोदी सरकार अपने पूंजीपति मित्र को फायदा पहुंचाने के लिए चुप्पी साधे हुए है। गरीब जनता की मेहनत की कमाई एलआईसी, स्टेट बैंक व अन्य संस्थाओं में जमा कराई गई। अडानी की कंपनियों में केंद्र सरकार द्वारा ये रुपए जमा कराए गए। आज अडानी की वास्तविकता को अमेरिकी रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग ने उजागर किया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा केंद्र की मोदी सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाया लेकिन भाजपा सरकार के गैर जिम्मेदाराना व्यवहार से जनता का पैसा डूब गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में शेयर बाजार एक सप्ताह में 5 लाख करोड़ से अधिक पैसा डूब गया। इसके लिए अडानी और प्रधानमंत्री जिम्मेदार है। शेयर बाजार के नियंत्रण के लिए सेबी नियामक की भूमिका में है। जिसका काम है कि शेयर बाजार में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो लेकिन सेबी ने किसके दबाव में अडानी की कम्पनियों पर कोई कार्यवाही नहीं की,यह जांच का विषय है ।

Categorized in: