कृषकों को गुणवत्तायुक्त बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु नमूना संग्रहण कार्यवाही

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । कृषकों को गुणवत्तायुक्त बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने तथा बीज एवं उर्वरक गुण नियंत्रण अधिनियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही सतत रूप से की जा रही है।
उप संचालक कृषि, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के निर्देशन में विकासखंड स्तरीय निरीक्षक जितेन्द्र झा द्वारा विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के विभिन्न उर्वरक एवं बीज विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अग्रहरी कृषि सेवा केन्द्र,नागपुर,कोरिया कृषि विकास केन्द्र, जायसवाल कृषि सेवा केन्द्र सहित अन्य प्रतिष्ठानों से बीज एवं उर्वरक के नमूने संग्रहित कर गुणवत्ता परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर बीज एवं उर्वरक विक्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं, जिससे कृषकों को मानक गुणवत्ता की कृषि आदान सामग्री उपलब्ध हो सके तथा अमानक एवं गुणवत्ताहीन सामग्री के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। नमूनों के परीक्षण प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। कृषि विभाग द्वारा सभी विक्रेताओं को नियमानुसार अभिलेख संधारित करने तथा केवल प्रमाणित एवं मानक गुणवत्ता की सामग्री का विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कृषकों से अपील की गई है कि वे बीज एवं उर्वरक क्रय करते समय विक्रेता से पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना निकटतम कृषि कार्यालय को दें।

Categorized in: