नया साल आने में अभी 1 महीने से ज्यादा का वक्त है, लेकिन आपकी जेब को झटका लगाने की तैयारी हो चुकी है। दरअसल, जनवरी 2024 में कई कंपनियां अपनी कारों को महंगा करने जा रही हैं। ऐसे में आप कार खरीदने के लिए नई साल का इंतजार कर रहे हैं तब आपको प्लान चेंज करना पड़ सकता है। पहले जहां मारुति सुजुकी ने अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया था। तो अब इस लिस्ट में महिंद्रा, टाटा, ऑडी इंडिया, मर्सिडीज जैसी कंपनियां भी शामिल हो चुकी हैं। इस बात की भी उम्मीद है कि बची हुई कंपनी भी इस लिस्ट को जॉइन कर सकती हैं।

कच्चे माल की कीमतों का पड़ेगा असर
कारों की कीमतें बढ़ाने के पीछे इन कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल की कीमतें लगातर बढ़ रही हैं, जिसका असर कार की मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट पर भी हो रहा है। इसी दबाव के चलते इन कंपनियों को कारों की कीमतों में इजाफा करना पड़ेगा। देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया के पोर्टफोलियो में सस्ती ऑल्टो से लेकर लग्जरी इनविक्टो तक शामिल हैं। इनकी एक्स-शोरूम कीमतें 3.54 लाख से 28.42 लाख रुपए तक हैं। ऐसे में सभी मॉडल की कीमतों में वैरिएंट के हिसाब से बढ़ोतरी की जाएगी।

टाटा की कार भी महंगी हो जाएंगी
टाटा मोटर्स भी पैसेंजर और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत में अगले साल जनवरी से बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है। कंपनी ने यह नहीं बताया कि व्हीकल की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी होगी। टाटा मोटर्स के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि हम अगले साल जनवरी से अपने पैसेंजर और इलेक्ट्रिक व्हीकल की कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। किन वाहनों के दाम कितने बढ़ेंगे, इसकी घोषणा अगले कुछ सप्ताह में की जाएगी। टाटा मोटर्स की गाड़ियों में हैचबैक टियागो से लेकर SUV सफारी तक शामिल हैं। इनकी एक्स-शोरूम कीमतें 5.6 लाख रुपए से लेकर 25.94 लाख रुपए तक हैं।

महिंद्रा की कारें 2% तक महंगी होंगी
महिंद्रा के व्हीकल कैटगरी के CEO नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा कि जनवरी 2024 से हम अपने व्हीकल की कीमतों में बढ़ोतरी करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने एक बयान में कहा कि इस संबंध में विस्तृत घोषणा समय आने पर की जाएगी। जर्मन कंपनी ऑडी ने भी कच्चे माल की मांग और परिचालन लागत बढ़ने का हवाला देते हुए अगले साल जनवरी से भारत में अपने वाहनों की कीमतें 2% तक बढ़ाने की घोषणा की है। कीमतों में इजाफा मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से किया जाएगा।

ऑडी और मर्सिडीज खरीदना भी महंगा होगा
दूसरी तरफ, लग्जरी कार कंपनी ऑडी इंडिया और मर्सिडीज बेंज भी कीमतें बढ़ाने का अनाउंसमेंट कर चुकी हैं। भारत में ऑडी की गाड़ियों की एक्स-शोरूम कीमतें 42.77 लाख रुपए से 2.22 करोड़ रुपए तक हैं। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने भी कहा कि वह भी जनवरी से कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रही है। हालांकि, कंपनी ने कीमतों में कितने प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी इस बारे में कुछ नहीं कहा है।

Categorized in: