रायपुर । कांग्रेस संचार विभाग ने प्रदेश भाजपा पर भ्रम फैलाने का दावा किया है। कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला का कहना है कि भाजपा के नेता प्रदेशभर घूम-घूम कर गंगाजल के नाम पर झूठ फैलाने का काम कर रहे है। गंगाजल सम्मान यात्रा निकालकर भाजपा द्वारा कांग्रेस के हर वायदे के लिये यह दुष्प्रचार किया जा रहा कि कांग्रेस ने गंगाजल लेकर वायदा किया था भाजपा के नेता बेशर्मी पूर्वक गंगाजल का नाम लेकर झूठ बोल रहे है।

इसी राजीव भवन के इसी पत्रकारवार्ता कक्ष में 2018 के विधानसभा चुनाव के पहले एक पत्रकारवार्ता में ”गंगाजल को साक्षी मानकर कांग्रेस के नेताओं ने संकल्प लिया था कि हमारी सरकार बनने पर किसानों का कर्जा माफ करेंगे“। यह संकल्प सिर्फ किसानों के कर्जामाफी का था।

इस पत्रकारवार्ता में उस समय के कांग्रेस के नेता आर.पी.एन सिंह तत्कालीन राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल, राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेरा, तत्कालीन कांग्रेस के मीडिया चेयरमेन शैलेष नितिन त्रिवेदी वर्तमान चेयरमेन सुशील आनंद शुक्ला, प्रवक्ता आर.पी. सिंह सहित कांग्रेस के प्रवक्तागण उपस्थित थे। इनमें से आर.पी.एन सिंह अब भाजपा में और जयवीर शेरगिल भी कांग्रेस में नहीं है।

गंगाजल लेकर कसम खाने या संकल्प लेने की नौबत क्यों आई? यह नौबत भी भाजपा के द्वारा फैलाये गये झूठ वायदे के कारण आई थी। भाजपा के आईटी सेल ने सोशल मीडिया में एक फर्जी पत्र वायरल किया था। जिसमें उस समय के प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन का फर्जी लेटर पैड था और तत्कालीन मीडिया विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी के हस्ताक्षर से बनाया गया था। इस फर्जी पत्र में कहा गया था कि किसानों की कर्जामाफी की बात घोषणा पत्र में जो है वह गलत है इस पर ज्यादा जोर नहीं देना है। भाजपा के इस फर्जी वादे को बेनकाब करने के लिये उक्त पत्रकारवार्ता लेना पड़ा था जिसमें सिर्फ कर्जामाफी की बाते हुई थी।

हमारा घोषणा पत्र कांग्रेस के लिये पवित्र दस्तावेज के समान है। हम अपने घोषणा पत्र के सभी 36 वायदो को पूरा करने प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने अपने घोषणा पत्र के 90 प्रतिशत वायदों को पूरा कर दिया है। इससे तिलमिला कर भाजपा गंगाजल का नाम लेकर झूठ बोल रही है। विशेषतौर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, भाजपा अध्यक्ष अरूण साव, नेता प्रतिपक्ष इस झूठ को फैला रहे।

प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने कहा कि भाजपा झूठ बोल रही है कि कांग्रेस ने सभी वायदो के लिये गंगाजल की कसम खाया था। भारतीय जनता पार्टी में साहस है उनमें गंगाजल के प्रति सम्मान है तो भाजपा के नेता हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाये कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र के सभी वायदो के लिये गंगाजल लेकर कसम खाया था। इनमें साहस नहीं है ऐसा करने का क्योंकि ये लोग गंगाजल के नाम पर झूठ बोल रहे है। हम भाजपा नेताओं को गंगाजल उपलब्ध करवा देंगे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आर.पी.सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलकर राजनीति करना चाहती है। लगातार भ्रम फैलाना भाजपा की फितरत बन गयी। इनके राष्ट्रीय नेता झूठ बोलते है स्मृति इरानी सरेआम झूठ बोला कि भारत जोड़ो यात्रा के पहले राजीव गांधी स्वामी विवेकानंद के स्मारक पर नहीं गये जबकि हकीकत यह थी कि राहुल गांधी अपने पिता के सामाधि पर जाने के पहले स्वामी जी को शीश नवाने गये थे। राहुल गांधी के साथ चलने वाली लड़की के बारे में गलत एवं भ्रामक दावे किये गये। राजनैतिक की पराकाष्ठा तो तब हो गयी जब सगी भांजी के बारे में भाजपा के एक प्रदेश तमिलनाडु के आईटी सेल के अध्यक्ष ने गलत कोट किया था। इसके पहले ट्वीट पर संबित पात्रा ने गलत सामाग्री पोस्ट किया था। जिसको पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उस फर्जी दस्तावेज को शेयर किया था। जिसे ट्वीट ने मेन्यूप्लेट मीडिया घोषित किया था। भारतीय जनता पार्टी अपने जन्म से झूठ और फरेब की राजनीति करती है। इनका सूत्र वाक्य है कि एक झूठ को बार-बार बोलो तो लोग भ्रम में पड़कर सच मानने लगेंगे। गंगाजल की कसम में भी यही हो रहा है।

Categorized in: