विनय जायसवाल एवं बृहस्पति सिंह को सरगुजा में कांग्रेस की हार का बताया कारण

कांग्रेस नेताओं के खिलाफ आरोप लगाना सोची समझी रणनीति का हिस्सा

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । छत्तीसगढ़ विधानसभा के आम चुनाव में मनेंद्रगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी रहे रमेश चंद्र सिंह ने मनेंद्रगढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ विनय जायसवाल के द्वारा कांग्रेस के बड़े नेताओं पर लगाए गए आरोपों की भर्त्सना की है और सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर कांग्रेस की करारी हार का कारण पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह व विनय जायसवाल को बताया है । मनेंद्रगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे रमेश चंद्र सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मनेंद्रगढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ विनय जायसवाल अपने क्रियाकलापों के कारण क्षेत्र में अपनी छवि खराब कर चुके थे लगातार उनका नाम कभी कबाड़ को लेकर कभी सट्टा को लेकर कभी शराब को लेकर सुर्खियों में रहता था जिस कारण उनका टिकट कटना लगभग तय हो गया था । जब टिकट का वितरण हुआ और उनका टिकट कट गया तो गोंडवाना से हाथ मिला लिए यहां तक कि उनका बी फॉर्म भी तय हो गया था । जब उन्हें आभास हुआ कि वह चुनाव नहीं जीत पाएंगे तो अपना बी फार्म दूसरे को दे दिया और रायपुर चले गए तब तक चिरमिरी एवं मनेंद्रगढ़ के उनके समर्थक पार्षद व कार्यकर्ता शांत बैठे रहे जबकि उनके द्वारा बार-बार कांग्रेस पार्टी के लिए काम करने के लिए आग्रह किया गया । जब डॉक्टर विनय जायसवाल दीपावली के समय रायपुर से आए तब सक्रिय रूप से स्वयं श्री जायसवाल एवं उनके कार्यकर्ता, उनके समर्थक पार्षद सब पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होकर उन्हें हराने के लिए पूरी ताकत लगा दी । यही कारण था कि मनेंद्रगढ़ विधानसभा से उनकी हार हुई और कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं का मनोबल भी टूटा ‌। इसकी शिकायत उनके द्वारा चुनाव संपन्न होने के तीसरे दिन ही प्रदेश हाई कमान को कर दी गई थी । अब जबकि पूर्व विधायक श्री जायसवाल छत्तीसगढ़ प्रभारी चंदन यादव को 7 लाख रुपए देने की बात कह रहे हैं वह पूरी तरह से मनगढ़ंत सोची समझी रणनीति के तहत है झूठा आरोप लगाया जा रहा है । उस दौरान 30 हजार रुपए का ही ट्रांजैक्शन हो सकता था । लेकिन 7 लाख रुपए अपने पास रख रहे और प्रभारी चंदन यादव को देने की बात कह रहे हैं जब पैसा दिए तब उस दौरान यह बात उन्होंने क्यों नहीं की यह झूठ और मनगढ़ंत आरोप है । जहां तक टीएस सिंहदेव को चुनाव का हार का कारण बता रहे हैं तो श्री जायसवाल यह भी झूठ बोल रहे हैं । सरगुजा में हार का कारण टीएस सिंहदेव नहीं हैं बल्कि पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह व स्वयं पूर्व विधायक डॉक्टर विनय जायसवाल हैं । इसकी भी शिकायत उनके द्वारा हाई कमान से की जाएगी । रमेश चंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए तत्काल डॉक्टर विनय जायसवाल व उनके समर्थक पार्षदों सहित पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त सभी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस से निष्कासित किया जाए नहीं तो आगे चलकर पार्टी नुकसान में रहेगी। पत्रकारों से चर्चा के दौरान भरतपुर सोनहत विधानसभा के पूर्व विधायक गुलाब कमरो एवं एमसीबी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव उपस्थित रहे ।

Categorized in: