अंबिकापुर। मंगलवार की देर शाम कल्याणपुर में एक बड़ी सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तत्काल स्थानीय लोगों द्वारा एंबुलेंस बुलाकर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना पाकर लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची थी। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए थे। बताया जा रहा है कि मृतक प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम पेंडारी के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल में सवार दो युवक अंबिकापुर की ओर से मंगलवार की देर शाम अपने घर प्रतापपुर क्षेत्र की ओर जा रहे थे। कल्याणपुर मोड़ के आगे पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल में सवार दोनों युवक जमीन पर गिर गए। इस दौरान एक युवक के ऊपर ट्रैक्टर का चक्का चढ गया ,जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया। इस दुर्घटना में घायल बाइक सवार दूसरे युवक को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: